गर्मी से बचाव के लिए नई योजना
Maharashtra heat action plan: मुंबई, 21 अप्रैल। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य में बढ़ती गर्मी से निपटने के लिए एक व्यापक हीट एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। साथ ही, नागपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में ‘हीट रेजिलियंस और सस्टेनेबल कूलिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जा चुकी है।मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक प्रभाव कृषि क्षेत्र पर, विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों पर पड़ रहा है।” उन्होंने बताया कि यह नया केंद्र भविष्य में राज्य आपदा प्रबंधन संस्था का हिस्सा बनेगा। विदर्भ सहित राज्य के कई हिस्सों में हाल ही में भीषण गर्मी के कारण स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े। इसी पृष्ठभूमि में सरकार ने यह कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार हीट एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों तथा नागरिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। नवीकरणीय ऊर्जा के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य 2030 तक 52 प्रतिशत और 2035 तक 65 प्रतिशत ऊर्जा नवीकरणीय स्रोतों से प्राप्त करने की दिशा में काम कर रहा है। किसानों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास भी जारी हैं। नागपुर आईआईएम स्थित यह केंद्र शोध, प्रशिक्षण और नीतिगत मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य बढ़ती गर्मी के प्रभाव को कम करना, ऊर्जा बचत को बढ़ावा देना और पर्यावरण के अनुकूल शीतलन उपाय विकसित करना है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र