Asha Bhosle Death: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया शोक, बोले- ‘सुरों की एक सुंदर बगिया उजड़ गई’

Asha Bhosle: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि उनके जाने से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। फडणवीस ने उन्हें बहुमुखी प्रतिभा की धनी बताते हुए कहा कि “सुरों की एक सुंदर बगिया उजड़ गई है।”
विषयसूची
Asha Bhosle: दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उनके जाने से “सुरों की एक सुंदर बगिया उजड़ गई है।”
मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोसले सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि संगीत की आत्मा थीं। उनकी आवाज में ऐसी विविधता थी, जो हर पीढ़ी को अपनी ओर आकर्षित करती थी। उन्होंने कहा कि ‘तोरा मन दर्पण कहलाए’ जैसे भावपूर्ण गीत से लेकर ‘खल्लास’ जैसे जोशीले गीत तक, आशा जी ने हर तरह के संगीत को बखूबी निभाया।
20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने
सीएम ने आगे कहा कि आशा भोसले ने भक्ति गीत, ग़ज़ल, शास्त्रीय संगीत, लोकगीत, पॉप और रवींद्र संगीत सहित हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। मराठी, हिंदी, बांग्ला समेत 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाना उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है।
सीएम ने याद किया ताई के साथ बिताये पल
फडणवीस ने यह भी याद किया कि हाल ही में विश्व रेडियो दिवस के एक कार्यक्रम में उन्हें आशा भोसले के साथ समय बिताने का मौका मिला था। उस दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए मुख्यमंत्री से ‘अभी ना जाओ छोड़कर’ गाना गवाया था, जो उनके सहज और जीवंत व्यक्तित्व को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि लता मंगेशकर के बाद मंगेशकर परिवार का एक और चमकता सितारा हमसे दूर हो गया है। बदलते समय के साथ खुद को ढालने वाली ऐसी बहुमुखी प्रतिभा विरले ही देखने को मिलती है।
अंत में उन्होंने आशा भोसले को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार और देशभर के करोड़ों प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

