नागपुर में राज्य खाद्य आयोग ने सार्वजनिक वितरण व्यवस्था और राशन वितरण की समीक्षा की

Nagpur State Food Commission PDS review: नागपुर में राज्य खाद्य आयोग के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत हुई। पहले दिन आयोग ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राशन वितरण और पोषण योजनाओं की समीक्षा की। अगले दो दिनों में आयोग शहर और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर उचित मूल्य की दुकानों और योजनाओं का निरीक्षण करेगा।
विषयसूची
सार्वजनिक वितरण व्यवस्था की हुई समीक्षा
Nagpur State Food Commission PDS review: नागपुर: राज्य खाद्य आयोग के तीन दिवसीय नागपुर दौरे की शुरुआत गुरुवार को हुई। दौरे के पहले दिन आयोग अध्यक्ष महेश ढवले, सदस्य ईश्वर बालबुधे तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला शिकायत निवारण अधिकारी ने जिला कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद से मुलाकात की।
इस दौरान जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा हुई। बाद में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक हुई, जिसमें जिला आपूर्ति अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल पोषण आहार योजना, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बाल रोग विशेषज्ञ अधिकारी और परियोजना अधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

अगले दो दिनों तक होगा मैदानी निरीक्षण
सभी विभागों ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के क्रियान्वयन, समय पर राशन वितरण, पोषण योजनाओं की प्रगति तथा पारदर्शिता बनाए रखने के प्रयासों की जानकारी दी। आयोग के पदाधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए और हितग्राहियों को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आयोग का दौरा अगले दो दिन जारी रहेगा। शुक्रवार-शनिवार को अध्यक्ष एवं सदस्य नागपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों, पोषण योजनाओं और वितरण व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे तथा लाभार्थियों से संवाद कर वास्तविक स्थिति जानेंगे।
आने वाले दो दिनों में जमीनी निरीक्षण से यह स्पष्ट होगा कि योजनाएं कागजों से आगे बढ़कर वास्तव में कितनी असरदार हैं।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

