नागपुर में भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा का आयोजन, 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से नागपुर में 6 सितंबर को भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
विषयसूची
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा,जानें रूट और समय
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से नागपुर शहर में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े उत्साह, भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। विहिप की स्थापना वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हुई थी। इसी ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार जन्माष्टमी के पावन पर्व पर एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया है।
चार दौर की बैठकों में तय हुई रूपरेखा
शोभायात्रा के सफल नियोजन और व्यवस्था को लेकर आयोजन समिति की अब तक चार महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न हो चुकी हैं। इन बैठकों में विश्व हिंदू परिषद नागपुर महानगर की संपूर्ण कार्यकारिणी के साथ जिला, प्रखंड और खंड स्तर के पदाधिकारी तथा दुर्गा वाहिनी की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठकों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और शोभायात्रा के रूट पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वर्गीय अशोक जी सिंघल की जन्मशताब्दी का विशेष अवसर
विश्व हिंदू परिषद की यह भव्य शोभायात्रा रविवार 6 सितंबर को नागपुर शहर में निकाली जाएगी। हर वर्ष इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं, लेकिन इस वर्ष का आयोजन बेहद खास है। हिंदू समाज के महान प्रेरणास्रोत रहे स्वर्गीय अशोक जी सिंघल की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर इस शोभायात्रा को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार 60 हजार से अधिक लोग इस धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनेंगे।
भक्तिमय माहौल और जयघोष
शोभायात्रा के दौरान पूरा नागपुर शहर कृष्णमय नजर आएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठेगा। मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच “गोविंद बोलो, हरि गोपाल, श्रीकृष्ण हरे मुरारी” तथा “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” जैसे गगनभेदी नारे गूंजेंगे। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमियों और सकल हिंदू समाज के लोगों से इस भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा में भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

