Nagpur News: सावनेर की नई जलापूर्ति योजना को तकनीकी मंजूरी, अगले 50 वर्षों की पानी की जरूरत पूरी करने की तैयारी

Saoner new water supply scheme approval: सावनेर शहर की 94.45 करोड़ रुपये की संशोधित जलापूर्ति योजना को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति ने मंजूरी दे दी है। योजना को अमृत 2.0 मिशन के तहत प्रशासनिक स्वीकृति देने की अनुशंसा की गई है। नई पाइपलाइन, तीन जलाशय और आधुनिक फिल्टर प्लांट बनाए जाएंगे। विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख ने कहा कि इससे अगले 50 वर्षों तक शहर की पानी की जरूरत पूरी होगी।
विषयसूची
सावनेर की नई जलापूर्ति योजना को मिली तकनीकी मंजूरी
Saoner new water supply scheme approval: सावनेर शहर की 94.45 करोड़ रुपये की संशोधित जलापूर्ति योजना को राज्य सरकार की राज्य स्तरीय तकनीकी समिति ने 3 जुलाई 2026 की बैठक में मंजूरी प्रदान कर दी है। नगर विकास विभाग द्वारा 10 जुलाई 2026 को जारी कार्यवृत्त के अनुसार, अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति देने की अनुशंसा की गई है।
इस मंजूरी के पीछे विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख द्वारा नगर विकास विभाग, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण तथा संबंधित सरकारी विभागों के समक्ष की गई लगातार पैरवी की अहम भूमिका रही।
वर्तमान में सावनेर की आबादी करीब 50 हजार है, जबकि शहर की जलापूर्ति अब भी कोलार (जुनेवानी) और कन्हान नदी पर आधारित करीब 40 वर्ष पुरानी योजनाओं पर निर्भर है। बढ़ती आबादी के कारण इन पुरानी योजनाओं पर दबाव बढ़ गया था।
नई योजना के तहत कोच्छी बांध से सावनेर तक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए नई पाइपलाइन, तीन नए ओवरहेड टैंक, आधुनिक फिल्टर प्लांट और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
तकनीकी समिति ने मंजूरी के साथ शर्तें भी रखी हैं महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की तकनीकी शर्तों का पालन, जल आरक्षण व अनुमतियां, स्थानीय अंशदान, भूमि नगर परिषद के नाम होना, और जल जीवन मिशन की तय समयसीमा में काम पूरा करना अनिवार्य होगा। तय समय पर काम न होने पर अतिरिक्त वित्तीय भार स्थानीय निकाय को ही वहन करना होगा।
विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख ने कहा, “सावनेर की पेयजल समस्या नागरिकों के जीवन से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इस परियोजना के माध्यम से शहर की अगले 50 वर्षों तक की जल आवश्यकता पूरी होगी।” उन्होंने शेष प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कराने का आश्वासन दिया।
सावनेर के नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नगरसेवकों ने इस उपलब्धि के लिए विधायक का आभार जताया। अब प्रशासनिक स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

