एनसीसी अधिकारियों को मिलेगी एआई और नई तकनीक की ट्रेनिंग, 1,530 को मिल चुका प्रमाणपत्र

कामठी स्थित एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में अधिकारियों को एआई, आईटी और आधुनिक तकनीकों की ट्रेनिंग देने पर जोर दिया जा रहा है। अब तक 1,530 से अधिक अधिकारियों को प्रमाणपत्र मिल चुका है।
विषयसूची
कामठी की एनसीसी अकादमी में आधुनिक तकनीक पर बढ़ा फोकस
कामठी स्थित एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में एनसीसी अधिकारियों को आधुनिक और उभरती तकनीकों से जुड़ा कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय और एनसीसी ओटीए के बीच हुए सामंजस्य करार के तहत अब तक देशभर के 1,530 से अधिक एनसीसी अधिकारियों को प्रमाणपत्र दिए जा चुके हैं। नागपुर विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने बुधवार, 16 सितंबर को कामठी स्थित ओटीए का दौरा किया और वहां चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली।
एनसीसी ओटीए के कमांडेंट से की चर्चा
दौरे के दौरान डॉ. मनाली क्षीरसागर ने अकादमी के कमांडेंट मेजर जनरल सरबजीत सिंह बक्शी से बातचीत की। इस मौके पर विश्वविद्यालय और एनसीसी ओटीए के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कुलगुरु ने अकादमी की विभिन्न प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां संचालित प्रशिक्षण व्यवस्था को करीब से देखा।

1,530 से अधिक अधिकारियों को मिला प्रमाणपत्र
दौरे के बाद विश्वविद्यालय और एनसीसी ओटीए के बीच सहयोग को लेकर बैठक हुई। इसमें अब तक हुए कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सहयोग के तहत 1,530 से अधिक एनसीसी अधिकारियों को प्रमाणपत्र दिए जा चुके हैं।
एआई और आईटी समेत इन तकनीकों पर रहेगा जोर
बैठक में भविष्य में प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और व्यापक बनाने पर चर्चा हुई। इसमें प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और दूसरी उभरती तकनीकों से जुड़े कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया। एनसीसी ओटीए के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की ओर से शैक्षणिक और तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ विशेषज्ञों की मदद उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।

बदलती जरूरतों के हिसाब से तैयार होंगे नए कार्यक्रम
दोनों संस्थानों की ओर से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई जो बदलती व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप हों। इसमें नवाचार, तकनीक और कौशल विकास को प्रमुखता देने की बात कही गई। विश्वविद्यालय और एनसीसी ओटीए के बीच सहयोग के जरिए एनसीसी अधिकारियों के पेशेवर विकास के लिए नए अवसर तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

