TET पेपर लीक मामले की होगी SIT जांच, मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाते हुए एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं। ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले के नेतृत्व में जांच होगी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
विषयसूची
TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस एसआईटी का नेतृत्व ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले करेंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने की पूरे घटनाक्रम की समीक्षा
मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि TET पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जांच के दौरान सभी जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
आरोपियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
सरकार का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसलिए जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल एसआईटी जल्द ही अपनी जांच शुरू करेगी और पूरे मामले की रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

