Varun Gandhi meet PM Modi: आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक दिलचस्प हलचल देखने को मिली, जब पीलीभीत से पूर्व सांसद वरुण गांधी ने सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में उनकी पत्नी और बेटी भी मौजूद रहीं। मुलाकात के बाद वरुण गांधी ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए इसे “आशीर्वाद और मार्गदर्शन” प्राप्त करने का अवसर बताया।
वरुण गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी के व्यक्तित्व में “पितृवत स्नेह और संरक्षण” का भाव दिखाई देता है। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को पैदा कर दिया है।
परिवार सहित श्रद्धेय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से मिलकर उनका आर्शीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
आपके आभामंडल में अद्भुत पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव है।
आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक… pic.twitter.com/RPSuJlbsrq
— Varun Gandhi (@varungandhi80) March 17, 2026
लोकसभा चुनाव में हुआ था मतभेद
दरअसल, पिछले कुछ समय से वरुण गांधी और बीजेपी के बीच दूरी की खबरें सामने आती रही हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पीलीभीत से उनका टिकट काट दिया था, जिसके बाद से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। उनकी मां और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी भी चुनाव हार गई थीं, जिससे यह दूरी और साफ नजर आने लगी थी।
क्या है इस मुलाकात के मायने?
अब पीएम मोदी से यह मुलाकात कई मायनों में अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब देश के कई राज्यों में चुनावी माहौल बन चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बीजेपी एक बार फिर वरुण गांधी को सक्रिय भूमिका में ला सकती है?
इस मुलाकात को पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नए चेहरों और समीकरणों पर काम कर रही है। वरुण गांधी की पारिवारिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें वहां इस्तेमाल करने की रणनीति भी बन सकती है।
फिलहाल, यह मुलाकात एक सामान्य शिष्टाचार भेंट बताई जा रही है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने काफी गहरे हो सकते हैं। आने वाले दिनों में यह साफ हो पाएगा कि यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक थी या फिर किसी बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत।