Agnimitra Paul: अग्निमित्रा पाल के नाम पर पैसे ऐंठने का आरोप, महिलाओं ने किया सड़क जाम

Agnimitra Paul: अग्निमित्रा पाल के नाम पर पैसे ऐंठने के आरोप के बाद आसनसोल में महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन। सड़क जाम और थाने में शिकायत की पूरी खबर पढ़ें।
विषयसूची
पुलिस मामले की जाँच में जुटी
Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित मनोज सिनेमा हॉल के पास सोमवार को एक गंभीर विवाद सामने आया। जब स्थानीय महिलाओं ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बेबी सरकार नाम की एक महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। कुछ देर तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस के आश्वासन पर जाम हटाया गया और महिलाओं ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मंत्री के नाम का धौंस और उगाही के गंभीर आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं का मुख्य आरोप है कि बेबी सरकार राज्य की प्रमुख नेता व मंत्री अग्निमित्रा पाल के घर पर काम करती हैं। आरोप है कि वह मंत्री और उनके यहां काम करने वाले पंकज दास के नाम का प्रभाव दिखाकर स्थानीय लोगों पर धौंस जमाती हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपये ऐंठे गए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस पर मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।
पैसे मांगने पर मारपीट और धमकी का दावा
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि उनके बेटे ने बेबी सरकार को लगभग 80 हजार रुपये उधार दिए थे। बेटे और बेटी की मृत्यु के बाद बुजुर्ग महिला खुद अपने पोते-पोतियों का पालन-पोषण कर रही हैं। आरोप है कि जब उन्होंने अपने उधार दिए गए पैसे वापस मांगे, तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके अलावा, प्रदर्शन में शामिल अन्य महिलाओं ने भी प्रताड़ना और पुराने मामलों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
महिलाओं का कहना है कि बेबी सरकार के खिलाफ इससे पहले भी पुलिस में शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच व उचित कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

