Amit Shah: पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार पर अमित शाह का मास्टर प्लान,’चिकन नेक’ पर त्रि-स्तरीय स्मार्ट ग्रिड से मचेगी हलचल

Amit Shah: पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी में गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय दौरा। 'चिकन नेक' कॉरिडोर पर त्रि-स्तरीय स्मार्ट बॉर्डर ग्रिड और सुरक्षा व्यवस्था पर होगी हाई-लेवल मीटिंग।
विषयसूची
सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा को लेकर होगी हाई-लेवल बैठकें
Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर बृहस्पतिवार की रात सिलीगुड़ी पहुंच गए हैं। पूर्वोत्तर भारत को मुख्य भूमि से जोड़ने वाले बेहद संवेदनशील और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी गलियारे जिसे ‘चिकन नेक’ (Chicken’s Neck) भी कहा जाता है की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। उनके इस दौरे का मुख्य एजेंडा पारंपरिक सीमा गश्त से आगे बढ़कर 3 पड़ोसी देशों नेपाल, भूटान और बांग्लादेश से सटी सीमाओं पर एकीकृत त्रि-स्तरीय ‘स्मार्ट बॉर्डर सुरक्षा ग्रिड’ को लागू करना है।
बागडोगरा एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
चेन्नई से सीधे उत्तर बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे गृह मंत्री का हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सुकना स्थित कैंप के लिए रवाना हुए जहाँ उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार को गृह मंत्री सिलीगुड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा करेंगे जहां वह सीमा सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे और जवानों के साथ संवाद करेंगे।
रणनीतिक रूप से अहम ‘चिकन नेक’ और सुरक्षा समीक्षा
यह लगभग 22 किलोमीटर चौड़ा संकरा गलियारा नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के बेहद करीब स्थित है। यह पहला मौका है जब गृह मंत्री एक ही केंद्र से एसएसबी (जो नेपाल और भूटान सीमा की सुरक्षा करती है) और सीमा सुरक्षा बल जो बांग्लादेश सीमा की रखवाली करती है के प्रमुखों, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और राज्य पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ संयुक्त समन्वय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस उच्च-स्तरीय मंथन के दौरान घुसपैठ, तस्करी और सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सेंसर-आधारित तकनीक, आधुनिक निगरानी प्रणालियों और इंटेलिजेंस शेयरिंग को एकीकृत करने की योजना पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सुरक्षा बलों के साथ संवाद और नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन
-
जवानों के साथ ‘बड़ा खाना’: अपने व्यस्त कार्यक्रम के तहत अमित शाह एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय में जवानों के साथ पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ (सामूहिक भोज) में शामिल होकर जमीनी चुनौतियों का सीधा फीडबैक लेंगे।
-
नए कानूनों की समीक्षा: इसके अलावा, गृह मंत्री सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में देश के 3 नए आपराधिक कानूनों (भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम) पर केंद्रित प्रदर्शनी और समीक्षा बैठक में भाग लेंगे, ताकि सीमावर्ती इलाकों में नए कानूनों के तहत त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। दौरे के मद्देनजर राज्य के कार्यवाहक महानिदेशक और पुलिस प्रमुख सिद्धार्थ नाथ गुप्ता समेत कई शीर्ष पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के लिए पहले ही सिलीगुड़ी में डेरा डाल चुके हैं।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

