ममता बनर्जी और राहुल गांधी पर दिलीप घोष का तंज बोले- बंगाल आकर देखें यहां की राजनीति

कूचबिहार में दिलीप घोष ने राहुल गांधी, ममता बनर्जी और आगामी उपचुनाव को लेकर बयान दिया। उन्होंने विपक्ष और तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
विषयसूची
सिर्फ शिकायत से नहीं, मैदान में उतरकर लड़ना होगा : दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल की राजनीति में अपने बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री दिलीप घोष ने एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। कूचबिहार में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी को बंगाल आकर यहां के राजनीतिक हालात देखने की चुनौती दी। साथ ही ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेता और उम्मीदवार उनका साथ छोड़ रहे हैं, और उनका बचा हुआ जीवन अब अदालतों के चक्कर काटने में ही बीतेगा।
राहुल गांधी और ममता पर तीखे प्रहार
दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी को बंगाल में चुनावी प्रचार के लिए जरूर आना चाहिए तभी उन्हें असलियत समझ आएगी कि पश्चिम बंगाल में किस तरह की राजनीति चल रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस में मचे घमासान और कानूनी दांव-पेंच पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट जाने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन उनके उम्मीदवार ही उनसे दूर हो रहे हैं।
उपचुनाव और विपक्ष पर सवाल
राज्य में होने वाले आगामी उपचुनावों पर बात करते हुए दिलीप घोष ने दावा किया कि जनता एक बार फिर भाजपा के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। विपक्ष पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में मजबूत विपक्षी दल की भूमिका नदारद है। विरोधी दल केवल जुबानी जमाखर्च और आरोप लगा रहे हैं, जबकि चुनावी मैदान में उतरकर डटकर मुकाबला करने से वे कतरा रहे हैं। टीएमसी पर हमला बोलते हुए उन्होंने अंत में कहा कि पार्टी ने लंबे समय तक गलत और असामाजिक तत्वों को संरक्षण दिया है, जिसका परिणाम अब जनता उन्हें हरा कर दे रही है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

