Rashtra Bharat Logo

Durgapur: सरकारी दीवार से TMC का लेखन मिटाने पहुंचे निर्वाचन आयोग के दो कर्मियों की पिटाई, केंद्रीय बल तैनात

Durgapur: सरकारी दीवार से TMC का लेखन मिटाने पहुंचे निर्वाचन आयोग के दो कर्मियों की पिटाई, केंद्रीय बल तैनात
(File Photo)

Durgapur News: दुर्गापुर के करंगपाड़ा में रविवार को निर्वाचन आयोग के दो कर्मी — सूर्यकांत पाल और बिट्टू गुप्ता — पोस्ट ऑफिस की सरकारी दीवार से TMC का लेखन मिटाने गए थे। लौटते वक्त कुछ लोगों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने खुद को तृणमूल कार्यकर्ता बताया। TMC ने आरोप नकारे। BJP ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की बात कही। पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे।

Updated:
·by
Gangesh Kumar
Gangesh Kumar
Share:

दुर्गापुर | पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के करंगपाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस इलाके में रविवार को उस वक्त तनाव फैल गया जब निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरकारी दीवार से तृणमूल कांग्रेस का लेखन मिटाने पहुंचे दो कर्मचारियों की कथित तौर पर पिटाई कर दी गई।

क्या हुआ घटनास्थल पर?

दुर्गापुर महकुमा शासक कार्यालय के कर्मी सूर्यकांत पाल और बिट्टू गुप्ता निर्वाचन आयोग के आदेश के तहत सरकारी दीवारों से राजनीतिक दलों के लेखन हटाने का काम कर रहे थे। पोस्ट ऑफिस की दीवार से TMC का लेखन मिटाने के बाद जब दोनों कर्मी गाड़ी में बैठकर लौटने लगे, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और बेरहमी से मारपीट की।

पीड़ित कर्मी ने क्या कहा?

बिट्टू गुप्ता ने बताया, “दीवार क्यों मिटाई — यह कहते हुए हमें गाड़ी से खींचकर मारा गया। मारने वाले खुद को तृणमूल कार्यकर्ता बता रहे थे।”

BJP ने की निर्वाचन आयोग से शिकायत की मांग

BJP के जिला महासचिव अभिजीत दत्त ने कहा, “सरकारी दीवार पर तृणमूल ने लिखा था। उसे मिटाने गए निर्वाचन आयोग के कर्मियों को मारा गया। इससे पहले हमारे कई कार्यकर्ताओं को भी पीटा गया है। हम निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगे।”

TMC का खंडन

तृणमूल कार्यकर्ता सोमनाथ दास ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि BJP कार्यकर्ता अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। बहस हुई थी, लेकिन मारपीट का आरोप पूरी तरह गलत है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दुर्गापुर के कोकओवन थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों को मौके पर पहुंचना पड़ा। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट: Ekbal, Kolkata


Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।