चुनाव से पहले सुरक्षा की कड़ी तैयारी
Central Forces Route March Kolkata West Bengal Election: कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच होली के दिन भी केंद्रीय बाहिनी के जवानों ने मध्य कोलकाता में रूट मार्च किया। बुधवार सुबह से तालतला थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर केंद्रीय बाहिनी ने गश्त शुरू की। जवानों ने इलाके के आम नागरिकों से भी बातचीत की। क्षेत्र की पहचान कराने के लिए तालतला थाना के पुलिस अधिकारी भी साथ मौजूद रहे।
रूट मार्च के दौरान रानी रासमणि हाई स्कूल – जो तालतला थाने से सटे एक मतदान केंद्र के रूप में चिह्नित है – वहां भी केंद्रीय बाहिनी की गश्त हुई। इसके साथ ही अलिया विश्वविद्यालय के सामने भी जवानों ने रूट मार्च किया।
पहले चरण में 240 कंपनियां पहुंचीं
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुआ है, लेकिन किसी भी दिन तारीखों का ऐलान हो सकता है। इसी पृष्ठभूमि में 1 मार्च (रविवार) को पहले चरण में 240 कंपनी केंद्रीय बाहिनी बंगाल पहुंची और रूट मार्च की शुरुआत हुई। अब 10 मार्च से पहले दूसरे चरण में 240 और कंपनियां राज्य में आने वाली हैं। चुनाव आयोग ने इस चरण में राज्य के विभिन्न जिलों में बाहिनी की तैनाती का खाका भी तैयार कर लिया है।
चुनाव की घोषणा होते ही केंद्रीय बाहिनी की तैनाती और व्यापक होने की संभावना है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल