पूर्व TMC विधायक मनोज तिवारी के गोदाम से भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद, इलाके में हड़कंप

हावड़ा के बालीटिकुरी बाजार स्थित पूर्व तृणमूल विधायक मनोज तिवारी के तीन गोदामों से सरकारी राहत सामग्री, तिरपाल, कंबल और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने का दावा किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया।
विषयसूची
West Bengal News: तृणमूल के पूर्व विधायक और शिवपुर विधानसभा के मनोज तिवारी के गोदाम से भारी मात्रा में राहत सामग्री बरामद होने का मामला सामने आया है। आज सुबह हावड़ा के बालीटिकुरी बाजार स्थित मनोज के तीन गोदामों से सरकारी राहत सामग्री, तिरपाल, कंबल सहित अन्य सामान बड़ी मात्रा में बरामद किया गया। इतना ही नहीं, वहां से मकान के दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई तरह के दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली।
मामला उजागर होते ही भड़के लोग
घटना के बाद इलाके के लोग गुस्से में आ गए और आज सुबह मनोज के बालीटिकुरी स्थित कार्यालय पहुंच गए। लोगों ने ताला तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।

करीबी बिप्लब डे संग मिलकर संपत्ति बनाने का आरोप
वहीं, मनोज के कार्यालय से सटे नेताजी बालक संघ क्लब, जो मनोज के करीबी बिप्लब डे के इशारे पर चलने का आरोप है, वहां से भी भारी मात्रा में राहत सामग्री बरामद हुई।
इलाके के लोगों का आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान बिप्लब डे ने मनोज के साथ मिलकर कई संपत्तियां बनाई हैं। यह भी आरोप है कि बिप्लब डे रंगदारी वसूली से लेकर विभिन्न भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल रहा है।
रक्तदान शिविर में होती थी वसूली
व्यापारियों का आरोप है कि क्लब में रक्तदान शिविर आयोजित होने पर उनसे 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की वसूली की जाती थी। यदि कोई पैसा नहीं देता था, तो उसका कारोबार बंद करा देने की धमकी दी जाती थी।

