West Bengal News: पहले अलमारी तोड़ी फिर जताया तरस, बंगाल में घटी ईमानदार चोर की अनोखी घटना

West Bengal News: नदिया में लाखों की चोरी के बाद घर की बालकनी में अचानक गिरा एक काला पैकेट। जब खोलकर देखा तो घरवालों के उड़ गए होश। जानिए चोर की इस अनोखी हरकत की पूरी कहानी।
विषयसूची
लाखों की चोरी से सदमे में था परिवार तभी हुआ चमत्कार
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के शांतिपुर में एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहाँ इस्माइल शेख के घर से चोरों ने लाखों रुपये के सोने के गहने और 30,000 नकद चुरा लिए थे। परिवार सदमे में था और परेशान था कि अब उनका गुजारा कैसे चलेगा।लेकिन कहानी में मोड़ अगले ही दिन आया। अचानक घर की बालकनी में एक भारी पैकेट गिरने की आवाज हुई। पहले तो परिवार डर गया कि कहीं इसमें कोई बम न हो लेकिन हिम्मत करके जब पैकेट खोला तो सब दंग रह गए। पैकेट में चोरी हुए सोने के ज़्यादातर गहने वापस लौटा दिए गए थे। हालांकि चोर ने पूरा सामान नहीं लौटाया। फिर भी हार एक अंगूठी और नकद रुपये में से केवल 2,700 रुपये ही वापस मिले।
सामान वापस क्यों मिला
मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद इस्माइल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जाँच करते हुए पड़ोस के ही एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही चोर डर गया और पकड़े जाने के खौफ से उसने गहनों का पैकेट बालकनी में फेंक दिया। परिवार को शक है कि इस चोरी में कोई करीबी या पड़ोसी ही शामिल है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और परिवार को उम्मीद है कि बचा हुआ सामान भी जल्द मिल जाएगा।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

