North 24 Parganas News: बिधाननगर में बोरे में मिला युवक का शव, शरीर पर कई चोट के निशान, सीसीटीवी में शव छोड़ता दिखा युवक

Bidhannagar Sack Wrapped Body Found Case: बिधाननगर में बोरे में बंद एक युवक का शव मिला है। पुलिस के अनुसार, शरीर पर कई चोट और टैटू के निशान हैं। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक शव को बाइक के पीछे छोड़ता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृत युवक करीब तीन दिन से लापता था। पुलिस जांच जारी है।
विषयसूची
बोरे में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
Bidhannagar Sack Wrapped Body Found Case: उत्तर 24 परगना जिले में एक युवक का शव बोरी में बंद हालत में मिला है। पुलिस के अनुसार, मृत युवक के शरीर पर एक से अधिक टैटू हैं और शरीर पर कई चोटों के निशान भी पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवक की हत्या दो-तीन दिन पहले की गई थी।
घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज बरामद हुआ है। फुटेज में दिखाई देता है कि एक युवक कंधे पर बोरी में बंद शव लेकर आया और उसे एक खड़ी बाइक के पीछे रख दिया। इसके बाद उसने शव के ऊपर ईंट रख दी।


सीसीटीवी में शव छोड़ता दिखा युवक, पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह युवक तीन दिन पहले से लापता था। इलाके के एक स्थानीय निवासी ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया, “युवक का शव रात करीब 4 बजकर 20 मिनट पर फेंककर गया। जो युवक शव फेंककर गया था, वह करीब एक मिनट खड़ा रहा। इसके बाद वह चला गया। रोशनी न होने के कारण आरोपी का चेहरा नहीं दिखा। उसने बाइक के पीछे शव फेंका, ऊपर बोरी डाली और फिर ईंट रख दी। हम सुबह करीब 8 बजे शव को बिधाननगर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि शव कम से कम तीन से चार दिन पुराना है।”
पुलिस ने घटनास्थल की जांच पूरी कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश जारी है। मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

