Asansol Rain Waterlogging: लगातार भारी बारिश से जलमग्न हुआ आसनसोल

Asansol Rain Waterlogging: आसनसोल में लगातार भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात। जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमों ने नावों की मदद से पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला।
विषयसूची
गरुई नदी के पास के इलाके और जी टी रोड पर भरा पानी
Asansol Rain Waterlogging: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में सोमवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर को पूरी तरह जलमग्न कर दिया है। लगातार जलस्तर बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
कई इलाके पानी में डूबे
मिली जानकारी के अनुसार आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गरुई नदी के पास रेलवे लाइन के किनारे का विस्तृत इलाका पूरी तरह पानी में डूब गया है। इसके अलावा आसनसोल के जी टी रोडस्थित भगत सिंह मोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क और पांचमुखा पुल समेत शहर के कई अन्य महत्वपूर्ण हिस्से भी जलमग्न हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव होने से वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है और कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग जल निकासी की समस्या से निपटने और स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार नजर बनाए हुए है।
रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा, नावों से निकाला जा रहा बाहर
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, आसनसोल नगर निगम और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीमों ने तत्काल मोर्चे पर पहुंचकर राहत व बचाव अभियान शुरू किया। जलमग्न घरों और बस्तियों में फंसे लोगों को नाव व सुरक्षा उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

