LPG Gas Cylinder Booking: देश में एलपीजी गैस को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आया है, जिसका सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ने वाला है। अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अब भारत की गैस सप्लाई पर भी दिखने लगा है। इसी को देखते हुए सरकार और तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव कर दिया है।
35 दिनों में बुक होगा सिलेंडर
अब शहरी क्षेत्रों में रहने वाले डबल सिलेंडर उपभोक्ताओं को दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए पहले से ज्यादा इंतजार करना होगा। पहले जहां यह अवधि 25 दिनों की थी, अब इसे बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। यानी आपको गैस की डिलीवरी मिलने के बाद 35 दिन पूरे होने का इंतजार करना होगा, तभी आप अगली बुकिंग कर पाएंगे। यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हालांकि, यह बदलाव केवल डबल सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए है। सिंगल सिलेंडर वालों के लिए बुकिंग अवधि अलग-अलग तय की गई है। छोटे सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों के लिए भी अलग समय सीमा रखी गई है, ताकि जरूरत के हिसाब से सप्लाई संतुलित बनी रहे।
इस बदलाव के पीछे सबसे बड़ी वजह गैस की आपूर्ति में आई कमी मानी जा रही है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, जिसमें खाड़ी देशों की भूमिका अहम है। मौजूदा हालात के चलते सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे कंपनियों को यह सख्त कदम उठाना पड़ा है।
डिलीवरी प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश
इसी के साथ गैस कंपनियों ने डिलीवरी प्रक्रिया को भी और पारदर्शी बनाने की कोशिश की है। अब सिलेंडर डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं को डिलिवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) देना अनिवार्य कर दिया गया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि गैस सही ग्राहक तक पहुंचे और किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
कंपनियों ने उपभोक्ताओं से यह भी अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।