LPG Price Hike: देश में बढ़ती महंगाई के बीच अब रसोई और कारोबार दोनों पर एक और बोझ बढ़ गया है। LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार से बढ़ोतरी हुई है. ताजा बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर कमर्शियल सिलेंडर के दाम में आई तेज बढ़ोतरी का असर सीधे आम लोगों की जेब तक पहुंच सकता है।
कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा किया है। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद अब एक सिलेंडर के लिए 2078.50 रुपये चुकाने होंगे। वहीं कोलकाता में यह बढ़ोतरी और ज्यादा रही, जहां कीमत 2208 रुपये तक पहुंच गई है।
विभिन्न शहरों में LPG सिलेंडर की कीमत
अगर अन्य शहरों की बात करें तो मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 2031 रुपये, चेन्नई में 2246.50 रुपये और पटना में 2365 रुपये तक पहुंच गया है। जयपुर में भी इसकी कीमत 2031 रुपये है, जबकि रांची में 2120 रुपये हो गई है। शहरों के हिसाब से यह अंतर स्थानीय टैक्स और ट्रांसपोर्टेशन लागत के कारण देखने को मिलता है।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पर पड़ने वाला है, जहां रोजाना बड़े पैमाने पर गैस का इस्तेमाल होता है। ऐसे में कारोबारियों के लिए लागत बढ़ना तय है, जिसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी दिख सकता है।
5 KG वाला सिलेंडर भी हुआ महंगा
सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 51 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह सिलेंडर 549 रुपये प्रति रिफिल में मिलेगा। छोटे दुकानदारों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए यह बढ़ोतरी भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं है।
मार्च में ही महंगा हुआ था सिलेंडर
अगर पिछले कुछ समय की बात करें, तो यह पहली बार नहीं है जब गैस के दाम बढ़े हैं। 1 मार्च 2026 को भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं 7 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर भी 60 रुपये महंगा हुआ था। इस तरह देखा जाए तो पिछले एक महीने में ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत करीब 300 रुपये तक बढ़ चुकी है।