जन्माष्टमी पर बनाएं कान्हा का मनपसंद प्रसाद शाही मखाना खीर

जन्माष्टमी पर बनाएं कान्हा का मनपसंद भोग। जानिए घर पर आसान तरीके से कैसे तैयार करें ट्रेंडिंग और स्वादिष्ट शाही मखाना खीर की रेसिपी।
विषयसूची
घर पर आसानी से बनाएं ट्रेंडिंग शाही मखाना खीर
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का पावन पर्व हर घर में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस खास दिन पर बाल गोपाल को छप्पन भोग के साथ-साथ उनकी पसंदीदा चीजों का भोग लगाने की परंपरा है जो इस उत्सव के आनंद को और बढ़ा देती है। यदि इस बार आप कुछ ऐसा विशेष बनाना चाहती हैं जो खाने में बेहद स्वादिष्ट हो तो ‘शाही मखाना खीर’ आपके लिए सबसे उत्तम विकल्प है। मखाने को पारंपरिक रूप से उपवास और पवित्र त्योहारों में बहुत शुभ और सात्विक माना जाता है। व्रत के नियमों का पालन करते हुए बनाई जाने वाली यह क्रीमी और रिच खीर स्वाद में जितनी लाजवाब होती है सेहत के लिहाज से उतनी ही पौष्टिक भी होती है।
शाही मखाना खीर की सामग्री
-
मखाना: 2 कप
-
दूध: 1 लीटर (फुल फैट)
-
चीनी या मिश्री: आधा कप (स्वादानुसार)
-
देशी घी: 1 बड़ा चम्मच
-
ड्राई फ्रूट्स: 2 चम्मच बारीक कटे हुए (बादाम, काजू, पिस्ता और चिरौंजी)
-
इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
-
केसर के धागे: 7-8
बनाने की विधि
-
मखाने भूनें: एक भारी तले की कढ़ाई में 1 चम्मच देशी घी गर्म करें। इसमें मखाने डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक वे पूरी तरह कुरकुरे न हो जाएं।
-
दरदरा पीसें: भुने हुए मखानों में से आधे मखानों को हल्का ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें। बाकी आधे मखानों को साबुत ही रहने दें ताकि खीर में अच्छा टेक्सचर आए।
-
दूध उबालें: एक भारी बर्तन या पैन में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालने के लिए रखें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच को धीमा कर दें।
-
मिश्रण पकाएं: उबलते हुए दूध में पिसे हुए और साबुत दोनों तरह के मखाने मिला दें। साथ ही केसर के धागे भी डाल दें।
-
गाढ़ा करें: दूध को धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकने दें, और बीच-बीच में चमचा चलाते रहें ताकि दूध तले से न लगे। जब मखाने अच्छी तरह नरम हो जाएं और दूध गाढ़ा व क्रीमी हो जाए, तब इसमें चीनी या कुटी हुई मिश्री मिला दें।
-
ड्राई फ्रूट्स और इलायची मिलाएं: चीनी घुलने के बाद कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालकर इसे 2 मिनट और पकाएं और फिर गैस बंद कर दें।
-
भोग लगाएं: तैयार मखाना खीर को ठंडा या हल्का गुनगुना होने दें। इसमें तुलसी का पत्ता डालकर बाल गोपाल को श्रद्धा के साथ भोग लगाएं।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

