“कॉकरोच जनता पार्टी” ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका! महज 4 दिन में 1 करोड़ के पार फॉलोअर्स

सोशल मीडिया पर इन दिनों Cockroach Janta Party नाम का इंस्टाग्राम अकाउंट जबरदस्त चर्चा में है। महज चार दिनों में इस पेज ने 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर सबको चौंका दिया है। मजाक, सिस्टम पर तंज और रिलेटेबल कंटेंट की वजह से यह अकाउंट तेजी से वायरल हो रहा है।
विषयसूची
Cockroach Janta Party: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक अजीब नाम तेजी से चर्चा में है “कॉकरोच जनता पार्टी”। नाम सुनते ही लोगों को मजाक लगता है, लेकिन इंस्टाग्राम पर इस अकाउंट ने जो आंकड़े हासिल किए हैं, उसने डिजिटल दुनिया के बड़े-बड़े पेजों को भी चौंका दिया है। महज चार दिनों के भीतर इस इंस्टाग्राम हैंडल के फॉलोअर्स 11.6 मिलियन के पार पहुंच गए हैं।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि फॉलोअर्स के मामले में इस पेज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को भी पीछे छोड़ दिया है। BJP के इंस्टाग्राम हैंडल पर फिलहाल करीब 87 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि “कॉकरोच जनता पार्टी” उससे काफी आगे निकल चुकी है।
महज 48 घंटे में 5.5 लाख फॉलोअर्स
इस अकाउंट की ग्रोथ इतनी तेज रही कि पहले 48 घंटे में ही इसके 5.5 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। इसके बाद तीन दिन के अंदर यह आंकड़ा 62 लाख तक पहुंच गया और देखते ही देखते करोड़ों लोग इस पेज से जुड़ गए।
कई वीडियो पर 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज
दरअसल, इस अकाउंट पर पोस्ट किए गए छोटे-छोटे वीडियो लोगों के बीच तेजी से वायरल हुए। वीडियो में कहीं मजाक है, कहीं सिस्टम पर तंज, तो कहीं आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को अलग अंदाज में दिखाया गया है। यही वजह है कि यूजर्स खुद को इन वीडियो से जोड़ पा रहे हैं। कई वीडियो पर 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज भी आ चुके हैं।
फॉलोअर्स असली या नकली ?
हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इस अकाउंट के सभी फॉलोअर्स असली हैं या नहीं। लेकिन इतना जरूर साफ है कि इंटरनेट पर “कॉकरोच जनता पार्टी” एक बड़ा ट्रेंड बन चुकी है। सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इंस्टाग्राम का एल्गोरिद्म ऐसे कंटेंट को तेजी से आगे बढ़ाता है, जिस पर शुरुआत में ज्यादा लाइक, शेयर और कमेंट आते हैं। यही चीज इस अकाउंट के साथ भी देखने को मिली।
अब सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ कुछ दिनों का वायरल ट्रेंड है या फिर सोशल मीडिया पर उभरती किसी नई डिजिटल ताकत की शुरुआत? फिलहाल इतना तय है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” ने इंटरनेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है और लोग इसे नजरअंदाज नहीं कर पा रहे हैं।

