Mann ki Baat: देश और दुनिया के मौजूदा हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें एपिसोड में अहम संदेश दिया। उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर चिंता जताई और देशवासियों से संयम, सतर्कता और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
खाड़ी देशों में फंसे हैं एक करोड़ से अधिक भारतीय
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण संघर्ष का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने खास तौर पर उन भारतीय परिवारों का जिक्र किया, जिनके रिश्तेदार खाड़ी देशों में काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने खाड़ी देशों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर संभव मदद दी जा रही है, जो इस कठिन समय में बेहद सराहनीय है।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि संकट के समय में अफवाहें स्थिति को और खराब कर सकती हैं, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जागरूक और सतर्क रहे।
पेट्रोल-डीजल पर संकट
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि जिस क्षेत्र में यह युद्ध चल रहा है, वह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा केंद्र है। ऐसे में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर असर पड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने माना कि इस वजह से दुनियाभर में ईंधन संकट की स्थिति बन रही है, लेकिन भारत अपने मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों और आत्मनिर्भर क्षमताओं के बल पर इस चुनौती का सामना कर रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि यह समय धैर्य और एकजुटता का है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे मिलकर इस मुश्किल घड़ी का सामना करें और देश को मजबूती से आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।