Shitala Mandir Stampede: बिहार के नालंदा जिले से दिल दहला देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। आस्था के केंद्र माता शीतला मंदिर में आज सुबह अचानक भगदड़ मच गयी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, हर मंगलवार की तरह आज भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। चैत्र माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण आज भीड़ सामान्य दिनों से कहीं ज्यादा थी। इसी दौरान अचानक मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई महिलाएं उसमें दब गईं और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
मंदिर में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आई। एसडीपीओ समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश की। घायलों को तुरंत नजदीकी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है और वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि, अब तक भगदड़ की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जानकारी में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।