गिरिडीह के कालिबाड़ी चौक में चार मंजिला मकान के गोदाम में आग
Giridih warehouse fire Kalibari Chowk: झारखंड के गिरिडीह शहर के मध्य स्थित कालीबाड़ी चौक में बुधवार को एक चारमंजिला मकान के छत पर बने गोदाम में अचानक आग लग गई। गिरिडीह सिटी थाना क्षेत्र में स्थित इस मकान के मालिक पशुपतिनाथ तिबरेवाल हैं। आग की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

मकान मालिक पशुपतिनाथ तिबरेवाल ने बताया कि उनका पूरा परिवार भूतल पर रहता है और नीचे दुकान भी है। चौथी मंजिल के गोदाम में घर और दुकान का पुराना सामान रखा हुआ था। पड़ोसियों ने छत पर आग लगने की सूचना दी, तब परिवार के लोग ऊपर पहुंचे और देखा कि आग फैल चुकी है और घना धुआं उठ रहा है।

परिवार के सदस्यों ने पहले पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल की टीम ने एक घंटे की मेहनत से आग पर पाया काबू
जानकारी के अनुसार, गोदाम में तेल भरा एक जनरेटर, इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड और तार रखे हुए थे। प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, हालांकि आग के वास्तविक कारण की जांच अभी जारी है।

सौभाग्यवश, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही संपत्ति को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा, लेकिन गोदाम में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग के कारणों की पुष्टि के लिए संबंधित विभाग की जांच जारी है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल