Amravati NICU Fire: अमरावती अस्पताल हादसे के बाद भाजपा ने रद्द किया दहीहंडी कार्यक्रम

Amravati NICU Fire: अमरावती जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू अग्निकांड में नवजात बच्चों की मौत के बाद भाजपा ने रद्द किया दहीहंडी उत्सव। उत्सव का पैसा पीड़ित परिवारों को मिलेगा।
विषयसूची
उत्सव का पैसा पीड़ितों को मिलेगा
Amravati NICU Fire: अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग में शॉर्ट सर्किट या वेंटिलेटर में विस्फोट के चलते लगी भीषण आग में तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए।इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाजपा का संवेदनशील निर्णय: दहीहंडी रद्द, सहायता का ऐलान
इस राष्ट्रीय आपदा और शोकाकुल माहौल को देखते हुए अमरावती जिला भाजपा ने आगामी सभी उत्सव और जश्न के कार्यक्रमों को पूरी तरह से स्थगित करने का बड़ा फैसला लिया है। पार्टी की ओर से निर्धारित दहीहंडी उत्सव को रद्द कर दिया गया है। भाजपा ने निर्णय लिया है कि उत्सव के आयोजन पर खर्च होने वाली सारी धनराशि को इस दुर्घटना में प्रभावित हुए पीड़ित परिवारों की आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किया जाएगा। राजनीतिक दल के इस मानवीय कदम की चहुंओर सराहना हो रही है।
पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने की निर्णय की सराहना
महसूल मंत्री तथा अमरावती के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अमरावती भाजपा के इस संवेदनशील फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में जश्न मनाने के बजाय पीड़ित परिवारों के आंसू पोछना और उनके साथ खड़े होना सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। बावनकुले ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ है। घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और इस पूरे हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए जा चुके हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

