Barasat University Student Clash: बारसात यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों में झड़प, एबीवीपी के दो कार्यकर्ता जख्मी

Barasat University Student Clash: पश्चिम बंगाल के बारसात यूनिवर्सिटी में राखी उत्सव को लेकर टीएमसी और एबीवीपी में हिंसक झड़प। दो छात्र गंभीर रूप से घायल, कैंपस में तनाव।
विषयसूची
बारसात यूनिवर्सिटी में हिंसक झड़प के बाद तनाव
Barasat University Student Clash: पश्चिम बंगाल के बारसात यूनिवर्सिटी में राखी बंधन उत्सव के आयोजन को लेकर तृणमूल छात्र परिषद (TMCP) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों के बीच जबरदस्त झड़प का मामला सामने आया है। दोनों छात्र संगठनों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में दो एबीवीपी कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बारसात अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राखी उत्सव की अनुमति और चंदे को लेकर शुरू हुआ विवाद
विश्वविद्यालय सूत्रों के मुताबिक, एबीवीपी के छात्र संगठन की ओर से कैंपस में राखी बंधन उत्सव मनाने का कार्यक्रम तय किया गया था। इसी सिलसिले में वे अनुमति और व्यवस्था के संबंध में प्रिंसिपल से बात करने गए थे। आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा एबीवीपी को सहयोग दिए जाने को लेकर टीएमसीपी कार्यकर्ता भड़क गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई और हिंसक झड़प में बदल गई।
एबीवीपी का गंभीर आरोप, पुलिस बल तैनात
एबीवीपी का आरोप है कि टीएमसीपी नेता अल्ताफ के नेतृत्व में उनके सदस्यों पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया, जिसमें उनके दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी तनाव फैल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर यह जांच कर रही है कि झड़प की असल शुरुआत कैसे हुई और इसके पीछे कौन-कौन शामिल था।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

