नागभीड़ रेलवे स्टेशन पर अचानक दिखे दो भालू, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

नागभीड़ रेलवे स्टेशन परिसर में दो भालुओं की दस्तक से यात्रियों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा, जानें पूरा मामला।
विषयसूची
जाने कैसे वन विभाग ने सुरक्षित निकाला भालू को जंगल की ओर
नागभीड़ रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब दो भालू स्टेशन के आसपास घूमते दिखाई दिए। भालुओं को देखते ही रेलवे के एक कर्मचारी ने तुरंत स्टेशन मास्टर सहित वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को सतर्क किया गया और भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी।
दोपहर से देर रात तक स्टेशन परिसर में घूमते रहे भालू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भालू दोपहर से ही स्टेशन परिसर के आसपास अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की आवाजाही के कारण भालू लगातार अपना स्थान बदलते रहे तथा कई बार छिपते हुए भी दिखाई दिए। इससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना रहा।
जंगली इलाका होने से बना खतरा
बताया जा रहा है कि नागभीड़ रेलवे स्टेशन के आसपास का इलाका हरियाली और जंगल से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र में जंगल होने के कारण अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है, जिस वजह से जंगली जानवरों के आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने की आशंका बनी रहती है। हालांकि, रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर दो भालुओं के पहुंचने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
वन विभाग ने सावधानी से संभाली स्थिति
वन विभाग को सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों ने भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी। दोनों भालुओं को पकड़ने की कार्रवाई में काफी सावधानी बरती गई, क्योंकि उन्हें पकड़ने के दौरान उनके आक्रामक होने और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होने का जोखिम था। देर रात तक दोनों भालू स्टेशन परिसर में छिपते हुए घूमते रहे। बाद में वन विभाग की टीम ने स्थिति को देखते हुए उन्हें परेशान करने के बजाय सुरक्षित रूप से जंगल की दिशा में जाने दिया। इसके बाद स्टेशन परिसर में स्थिति सामान्य हुई। रेलवे प्रशासन और वन विभाग ने यात्रियों तथा कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही भालुओं के दोबारा स्टेशन या आबादी वाले क्षेत्र में आने की स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

