नागपुर में पेट्रोल की अफवाह से मचा हंगामा
Nagpur petrol shortage: नागपुर। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर शाम 5 बजे के बाद से पेट्रोल उपलब्ध नहीं है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति तब और बिगड़ी जब सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं में यह अफवाह फैल गई कि पेट्रोल की आपूर्ति जल्द कम होने वाली है। इस अफवाह का असर यह हुआ कि जिन लोगों को महज 1 लीटर पेट्रोल की जरूरत थी, वे भी 5-5 लीटर भरवाने लगे। इससे पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और पेट्रोल और तेजी से खत्म होने लगा।
जमीनी रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार जस्सी ने पाया कि कई पंपों पर वाहन चालक आपस में बहस और झगड़े पर उतर आए। लोगों में बेचैनी और निराशा साफ दिख रही थी।
अफवाह के कारण पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़ और लोगों में डर
इस पर प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल आपूर्ति को लेकर कोई वास्तविक समस्या नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही पेट्रोल भरवाएं।
फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यदि पैनिक बायिंग इसी तरह जारी रही, तो आने वाले घंटों में शहर के और पंपों पर आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र