हुमायूं कबीर पर शुभेंदु अधिकारी का निशाना, बोले- रेजिनगर की जनता करेगी फैसला

रेजिनगर उपचुनाव के प्रचार में शुभेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई में ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
विषयसूची
चुनावी सभा में हुमायूं कबीर पर फूटा गुस्सा
पश्चिम बंगाल के रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर पर निशाना साधा। हुमायूं कबीर की ओर से मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी का जिक्र करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई अपनी जगह है लेकिन इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राजनीति में चुनावी मुकाबला, बहस और आलोचना होती है। कोई उम्मीदवार जीतता है और किसी को हार का सामना करना पड़ता है लेकिन किसी की मौत की कामना करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि रेजिनगर के लोगों के हाथ में ही इसका फैसला है।
हुमायूं कबीर के बयान का किया जिक्र
प्रचार सभा में शुभेंदु अधिकारी ने हुमायूं कबीर के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। शुभेंदु ने कहा कि हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री के बारे में जिस तरह की बात कही वह राजनीतिक भाषा के लिहाज से उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक विरोधियों के साथ भी चुनावी मैदान में मुकाबला करने, बहस करने और आलोचना करने में विश्वास रखते हैं लेकिन इस तरह की टिप्पणी को राजनीति का हिस्सा नहीं माना जा सकता।
रेजिनगर उपचुनाव को लेकर क्या बोले शुभेंदु
रेजिनगर में भाजपा उम्मीदवार शांखारव सरकार के समर्थन में प्रचार करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि क्षेत्र में भाजपा की स्थिति मजबूत है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि रेजिनगर में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है। उन्होंने हुमायूं कबीर के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन पर अलग-अलग दलों के साथ रहने और राजनीतिक रुख बदलने का आरोप भी लगाया। शुभेंदु ने यह भी कहा कि हुमायूं कबीर ने रेजिनगर से विधायक रहते हुए क्षेत्र के लिए पर्याप्त काम नहीं किया।
सरकार की योजनाओं का भी किया जिक्र
सभा के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार की योजनाओं और कामकाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने आवास योजना और अन्नपूर्णा योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए लोगों से इन योजनाओं के बारे में जानकारी रखने की अपील की।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

