अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर गिरी गाज, अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर 48 घंटे के भीतर मांगा गया स्पष्टीकरण

अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और एक्सपायरी सर्टिफिकेट पर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट ऑफिस को प्रशासन का नोटिस। 48 घंटे में मांगा गया जवाब।
विषयसूची
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर संकट
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय पर बड़ी कार्रवाई गाज गिरी है। राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने परिसर में कथित सुरक्षा खामियों को लेकर उनके कार्यालय को आधिकारिक नोटिस जारी किया है। विभाग ने इस मामले में भवन मालिक और किरायेदार से 48 घंटे के भीतर लिखित जवाब मांगा है।
कोलकाता पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
अधिकारियों के मुताबिक हाल ही में कोलकाता पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने कैमक स्ट्रीट स्थित इमारत की विभिन्न मंजिलों का निरीक्षण किया था जिसमें सातवीं और आठवीं मंजिल पर स्थित अभिषेक बनर्जी का कार्यालय भी शामिल था। यह जांच चल रहे अग्नि सुरक्षा ऑडिट का हिस्सा थी।
फायर सेफ्टी ऑडिट में सामने आईं गंभीर कमियां
परिसर का फायर सर्टिफिकेट 10 अगस्त को ही समाप्त हो चुका था जिसका अब तक नवीनीकरण नहीं कराया गया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सातवीं मंजिल पर आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं है और आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के लिए अलग से फायर एग्जिट भी मौजूद नहीं है। इमारत में लगी फायर अलार्म सिस्टम भी ठीक से काम नहीं कर रही थी।
अग्निशमन विभाग ने मांगा जवाब
विभाग ने स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा है कि क्यों न आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना परिसर का संचालन किए जाने के कारण इसे सील कर दिया जाए। यह नोटिस ऐसे समय में आया है जब कुछ दिन पहले ही इसी परिसर से कथित तौर पर अवैध होर्डिंग हटाने को लेकर टीएमसी कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी थी। अब विभाग आगे की कार्रवाई का फैसला मालिकों और किराएदारों द्वारा दिए जाने वाले जवाब के बाद करेगा।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

