अधीर रंजन चौधरी का ममता बनर्जी पर तीखा वार, बोले-चुनाव हारने के बाद अब आ रही है कांग्रेस की याद

अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर कसा तंज कहा, पश्चिम बंगाल में हार और राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद अब टीएमसी प्रमुख को आ रही है कांग्रेस की याद।
विषयसूची
ममता बनर्जी की राजनीति पर अधीर ने साधा निशाना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के जाने-माने राजनीतिक चेहरे अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। दिल्ली में हाल ही में संपन्न हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की मैराथन बैठक के बाद अधीर रंजन ने कहा कि ममता बनर्जी को अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिख रही है इसलिए उन्हें अचानक कांग्रेस की याद सताने लगी है।
क्या 2029 में राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकारेंगी ममता
मीडिया से बातचीत के दौरान बंगाल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बड़ा सवाल उठाते हुए तंज कसा कि क्या तृणमूल प्रमुख अब आने वाले 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए राहुल गांधी को विपक्षी खेमे के मुख्य चेहरे के रूप में स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि देश के विपक्षी दलों को संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक लड़ाई का मुख्य मार्गदर्शक और चेहरा मानना ही होगा।
‘पश्चिम बंगाल में हार चुकी हैं दीदी’
अधीर रंजन ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर अतीत में टीएमसी द्वारा उठाई गई आपत्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज दिल्ली का रुख करने के पीछे की असल वजह सभी को पता है। उन्होंने सीधे तौर पर दावा किया कि ममता बनर्जी अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल में सियासी जमीन खो चुकी हैं और चुनाव हार चुकी हैं। उनके मुताबिक, जिन क्षेत्रीय क्षत्रपों ने पहले राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे, आज वे खुद राजनीतिक हकीकत के सामने खड़े हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल राहुल ही इस साझा मोर्चे का सही नेतृत्व करने की क्षमता रखते हैं।
15 साल तक कांग्रेस को तोड़ा, अब कर रही हैं गठबंधन की बात
आक्रामक तेवर अपनाते हुए अधीर रंजन ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने पिछले डेढ़ दशक से बंगाल में कांग्रेस पार्टी को नेस्तनाबूद करने और कमजोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि अगर शुरुआत में ही विपक्षी मंच पर ममता बनर्जी ने खुलकर सहयोग किया होता तो आज देश का राजनीतिक परिदृश्य कुछ और होता। अब हालात बदलने पर वे दोबारा कांग्रेस का दामन थामना चाहती हैं।
दिल्ली में हुई थी ‘इंडिया’ गठबंधन की अहम बैठक
गौरतलब है कि यह सारा राजनीतिक घटनाक्रम नई दिल्ली में हुई ‘इंडिया’ गुट की उस साढ़े तीन घंटे लंबी चली उच्चस्तरीय बैठक के बाद सामने आया है जिसमें मुख्य रूप से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर साझा रणनीति बनाई गई थी। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन मल्लिकार्जुन खर्गे सोनिया गांधी, राहुल गांधी के अलावा खुद ममता बनर्जी उमर अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव और सुप्रिया सुले जैसे कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

