ईडी का बड़ा एक्शन, 15 ठिकानों पर सर्च के बाद पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से घंटों पूछताछ

Indraanil Sen ED inquiry: दुर्गा पूजा प्रीव्यू शो वित्तीय अनियमितता मामले में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से ईडी की पूछताछ। 15 ठिकानों पर छापेमारी के बाद सीजीओ कॉम्प्लेक्स पहुंचे पूर्व मंत्री।
विषयसूची
पूर्व मंत्री से दुर्गा पूजा शो अनियमितता मामले में पूछताछ
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से जुड़े एक कथित वित्तीय गड़बड़ी मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी जांच तेज कर दी है। तृणमूल कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित सीजीओ
कॉम्प्लेक्स पहुंचे जहां अधिकारियों ने उनसे इस मामले में लंबी पूछताछ की। इससे ठीक एक दिन पहले जांच एजेंसी ने पूर्व मंत्री और उनके सहयोगियों से संबंधित 15 ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की थी।
प्रीव्यू शो पास की बिक्री और फंड ट्रांसफर की हो रही जांच
ईडी के सूत्रों के अनुसार यह पूरी जांच दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित किए गए विशेष प्रीव्यू शो और उसके वीआईपी पासों की भारी कीमतों पर बिक्री से जुड़ी है। आरोप है कि इन शो के टिकट बहुत महंगे दामों पर बेचे गए और उससे जुटाए गए पैसों को संदिग्ध तरीके से ट्रांसफर किया गया। एजेंसी अब धन के लेन-देन, वित्तीय लाभ उठाने वाले मुख्य चेहरों और इसमें शामिल बैंक खातों की कड़ियों को आपस में जोड़ रही है।
जून महीने में दर्ज हुई थी पुलिस प्राथमिकी
यह पूरा विवाद इस साल जून में तब शुरू हुआ, जब कोलकाता पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस शिकायत में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन, उनकी पत्नी और कुछ अन्य लोगों पर पूजा पास की बिक्री में अनियमिताओं और आर्थिक हेरफेर के आरोप लगाए गए थे। इसी आधार पर वित्तीय जांच एजेंसी ने मामले का संज्ञान लिया और जांच अपने हाथ में ली।
पूर्व मंत्री ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को हुई सिलसिलेवार छापेमारी के तुरंत बाद पूर्व मंत्री को समन भेजकर तलब किया गया था। हालांकि, इंद्रनील सेन पूर्व में ही अपने और अपने परिवार पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर चुके हैं।ईडी दफ्तर में हुई उनकी यह पेशी इस जांच प्रक्रिया में बेहद अहम मानी जा रही है, जहां एजेंसी उनके बयान और छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों का मिलान करेगी।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

