सोनामुखी में दामोदर नदी से मिला द्वितीय विश्व युद्ध का मोर्टार शेल, सेना को दी गई सूचना

बांकुड़ा के सोनामुखी में दामोदर नदी के पास मिला द्वितीय विश्व युद्ध का मोर्टार शेल। पुलिस ने की घेराबंदी सेना को दी गई सूचना।
विषयसूची
दामोदर नदी के चर से मिला खतरनाक विस्फोटक
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी इलाके में दामोदर नदी के रेत के टीले से द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक मोर्टार शेल बरामद किया गया है। सोमवार शाम स्थानीय लोगों और मछुआरों ने नदी के तल में एक भारी धातु की बेलनाकार वस्तु को आधा धंसा हुआ देखा। विस्फोटक होने की आशंका से इलाके में तुरंत हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सोनामुखी थाने को दी।
पुलिस ने की घेराबंदी, सेना को दी गई खबर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी भी दुर्घटना को टालने के लिए पूरे इलाके को घेर लिया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के बाद पुलिस ने स्थिति से निपटने के लिए सेना के विशेषज्ञों को इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी है।
इलाके में पहले भी मिल चुके हैं ऐसे शेल
बांकुड़ा जिले में इस तरह के पुराने विस्फोटक मिलना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी द्वारकेश्वर और दामोदर नदियों के विभिन्न हिस्सों से ऐसे कई मोर्टार शेल बरामद किए जा चुके हैं। कुछ साल पहले इसी सोनामुखी के डिहीपाड़ा इलाके में दामोदर नदी के तल से तीन ऐसे शेल मिले थे जिन्हें सेना की मदद से निष्क्रिय किया गया था।
स्थानीय लोगों ने की व्यापक तलाशी की मांग
बार-बार पुराने विस्फोटक मिलने से स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता और डर का माहौल है। चूंकि नदी का यह क्षेत्र लोगों की आजीविका और रोजमर्रा की गतिविधियों से जुड़ा हुआ है, इसलिए निवासियों का मानना है कि यहां और भी विस्फोटक दबे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित खतरे से बचने के लिए दामोदर नदी के पूरे क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया जाए।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

