दुर्गापुर में टीएमसी नेता पर भारी पड़ा भ्रष्टाचार, गुस्साए ग्रामीणों ने घर घेरकर बरसाए अंडे

प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली और भ्रष्टाचार के आरोप में दुर्गापुर में टीएमसी नेता का घर घेरा गया। ग्रामीणों ने विरोध में ‘अंडा थेरेपी’ और जोरदार प्रदर्शन किया जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
विषयसूची
प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार का आरोप
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाले सरकारी मकानों में कथित तौर पर धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आनंदपुर इलाके में गुस्साई जनता ने एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता के घर का घेराव कर दिया और उन पर अंडे फेंककर विरोध जताया।
सरकारी आवास के नाम पर पैसे लेने का आरोप
कोकोवेन थाने के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 43 के नडीहा से सटे आनंदपुर इलाके में यह पूरा हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टीएमसी नेता विश्वनाथ माझी ने गरीब और असहाय लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का मकान दिलाने के नाम पर पहले फॉर्म भरवाए थे और उनसे पैसे भी लिए थे। जब हाल ही में लोगों ने दोबारा ऑनलाइन आवेदन की स्थिति चेक की तो वे हैरान रह गए। आरोप है कि जिन गरीबों को यह मकान मिलना चाहिए था उनकी जगह सूची में कथित तौर पर कुछ फर्जी या चहेते लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए।
पुलिस ने टीएमसी नेता को लिया हिरासत में
फर्जीवाड़े की बात सामने आते ही इलाके के लोगों का गुस्सा बेकाबू हो गया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी टीएमसी नेता विश्वनाथ माझी के घर को घेर लिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने नेता पर अंडे फेंके। हंगामे की सूचना मिलते ही कोकोवेन थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए उग्र भीड़ के बीच फंसे आरोपी नेता को सुरक्षित हिरासत में लिया और थाने ले गई।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक असली गरीब लाभार्थियों को उनके हक का सरकारी आवास नहीं मिल जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, आरोपी नेता विश्वनाथ माझी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

