फराक्का-झारखंड मुख्य सड़क बदहाल, जलभराव और कीचड़ से थमा आवागमन

फराक्का और झारखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क जलभराव और कीचड़ से बदहाल रोज हो रहे हादसे स्थानीय लोगों ने की जल्द मरम्मत की मांग।
विषयसूची
सड़क की बदहाली से बढ़ रही राहगीरों की मुश्किलें
पश्चिम बंगाल के फराक्का और झारखंड को आपस में जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क इन दिनों बेहद जर्जर और दयनीय स्थिति में पहुंच गई है। थोड़ी सी बारिश होने पर ही यह सड़क किसी बड़े तालाब में तब्दील हो जाती है। पिछले एक महीने से बागडावरा इलाके में सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और जल-कीचड़ से भरी पड़ी है जिससे यह मार्ग चलने लायक नहीं बचा है।
रोजाना हो रहे हैं हादसे, वाहन फंस रहे हैं कीचड़ में
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस व्यस्त रास्ते से रोजाना हजारों लोग, टोटो, बाइक और भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं। सड़क की खस्ताहाली के कारण हर दिन कोई न कोई दुर्घटना का शिकार होकर हाथ-पैर तुड़वा रहा है या घायल हो रहा है। सड़क के बीच बने बड़े-बड़े गड्ढों में गंदा पानी भरा हुआ है। हाल ही में एक छोटा पिकअप वैन कीचड़ में धंसकर बुरी तरह फंस गया। स्थिति यह है कि आम लोग साइकिल और टोटो लेकर भी बमुश्किल जान जोखिम में डालकर पार हो रहे हैं और चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।
जल्द मरम्मत की पुरजोर मांग
परेशान एक स्थानीय निवासी ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा, एक महीने से सड़क की हालत बहुत खराब है। लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए इस सड़क की तुरंत मरम्मत की जानी चाहिए। फराक्का से मालदा और साहिबगंज जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर आम जनता की दुर्दशा को देखते हुए अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया है और जल्द से जल्द इस सड़क को दुरुस्त करने की पुरजोर मांग उठाई है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

