Kolkata ISI Agent Arrested: फर्जी आधार से कोलकाता में छिपा पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार

Kolkata ISI Agent Arrested: नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री और फर्जी आधार। जानिए कोलकाता से पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस राणा रऊफ का पूरा सच।
विषयसूची
बांग्लादेश भागने की फिराक में था राणा रऊफ
Kolkata ISI Agent Arrested:कोलकाता के हावड़ा से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला ‘राणा रऊफ’ है जो फर्जी कागजात के सहारे नाम बदलकर कोलकाता में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि वह भारतीय सेना और रेलवे से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भेज रहा था।
नेपाल के रास्ते ली थी भारत में एंट्री
जांच में खुलासा हुआ है कि राणा रऊफ नेपाल बॉर्डर के रास्ते अवैध तरीके से भारत में घुसा था। कोलकाता में पनाह लेने के बाद उसने खुद को स्थानीय निवासी साबित करने के लिए फर्जी पहचान पत्र और जाली दस्तावेज तैयार करवाए। उसने अपने सभी जाली कागजातों में कोलकाता के ‘तपस्या’ इलाके का पता दर्ज कराया था।
सेना और रेलवे से जुड़ी संवेदनशील जानकारी की तस्करी
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का सीधा संबंध आईएसआई से है। वह भारतीय नौसेना, थल सेना और रेलवे के सामरिक मूवमेंट पर नज़र रखता था। इसके अलावा विभिन्न सैन्य शिविरों और उनकी गतिविधियों की गोपनीय जानकारी सीमा पार भेज रहा था।
बांग्लादेश भागने की फिराक में था आरोपी
STF को चकमा देने और गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी हाल ही में बांग्लादेश भागने की साजिश रच रहा था, लेकिन समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से सभी फर्जी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।
जाली दस्तावेज बनाने वाला मददगार भी गिरफ्तार
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए स्पेशल टास्क फोर्स ने तपसिया इलाके से एक और शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने राणा रऊफ के जाली कागजात बनवाने में मदद की थी। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही स्पेशल टास्क फोर्स ने बर्धमान के एक जिम से ‘हामिम’ नाम के एक अन्य संदिग्ध आईएसआई एजेंट उसकी महिला मित्र और एक सहयोगी को हिरासत में लिया था।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

