जलपाईगुड़ी में बेकरी मैनेजर की हत्या के मामले में मुर्शिदाबाद से युवक गिरफ्तार

जलपाईगुड़ी में बेकरी मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुर्शिदाबाद के सालार से नूर मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैसे के विवाद को हत्या की वजह बताया है।
विषयसूची
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में एक बेकरी के मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुर्शिदाबाद जिले के सालार से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शालिंदा गांव निवासी नूर मोहम्मद शेख (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार रात उसे घर पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया। कार्रवाई जलपाईगुड़ी कोतवाली, सालार और कांदी थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
बेकरी के कमरे में मिला था मैनेजर का शव
पुलिस के मुताबिक जलपाईगुड़ी के नयाबस्ती इलाके की एक बेकरी में नूर मोहम्मद करीब तीन साल से काम कर रहा था। शुक्रवार तड़के बेकरी के मैनेजर हाफिजुल रहमान (54) का शव उनके सोने के कमरे से बरामद किया गया था। उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बेकरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को नूर मोहम्मद पर शक हुआ।
छुट्टी लेकर बेकरी से निकला था आरोपी
जांच में पता चला कि नूर मोहम्मद ने गुरुवार को घर जाने के लिए छुट्टी ली थी। पुलिस को संदेह है कि वह सीधे घर जाने के बजाय कहीं छिपा रहा और शुक्रवार तड़के ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना हुआ। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सालार पहुंचने के बाद नूर मोहम्मद ऑटो से शालिंदा गांव स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पैसे को लेकर विवाद की बात सामने आई
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान नूर मोहम्मद ने हत्या की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में मैनेजर के साथ पैसों को लेकर हुए विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है। वहीं, आरोपी के परिवार ने दावा किया है कि पिछले कुछ महीनों से नूर मोहम्मद पारिवारिक परेशानियों के कारण मानसिक रूप से तनाव में था। करीब तीन महीने पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। उसके दो बच्चे हैं। दूसरी ओर पड़ोसियों का कहना है कि नूर मोहम्मद आमतौर पर शांत स्वभाव का व्यक्ति था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

