बाबा बागेश्वर के मांसाहार वाले बयान पर बंगाल में बवाल, कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत

बाबा बागेश्वर की दुर्गा पूजा में मांसाहार पर रोक की अपील के खिलाफ कांग्रेस ने कोलकाता के दो थानों में शिकायत दर्ज कराई। बीजेपी और सीएम ने भी किया बयान का विरोध।
विषयसूची
बंगाली भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
कोलकाता में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बाबा बागेश्वर के एक बयान को लेकर राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। हावड़ा के लिलुआ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दुर्गा पूजा और नवरात्रि के पावन दिनों में मांसाहार नॉन-वेज का सेवन न करने की सार्वजनिक अपील पर कांग्रेस पार्टी आक्रामक हो गई है। इस बयान के विरोध में दक्षिण और मध्य कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कोलकाता के दो प्रमुख थानों में आधिकारिक शिकायतें दर्ज कराई हैं।
कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत
दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस ने भवानीपुर पुलिस स्टेशन और मध्य कोलकाता जिला कांग्रेस ने मोचीपाड़ा थाने में लिखित शिकायत देकर बाबा बागेश्वर के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि इस तरह के बयानों से बंगाली समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। पार्टी का यह भी आरोप है कि ऐसे बयानों से राज्य के सामाजिक ताने-बाने में वैमनस्य और विभाजन पैदा होने की पूरी आशंका है जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक दलों और सरकार का कड़ा रुख
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस अपील के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत में हंगामा मचा हुआ है। जहां सत्ता और विपक्ष दोनों ने इसे खारिज किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने दो टूक कहा है कि बाहर से आने वाला कोई व्यक्ति यह तय नहीं कर सकता कि बंगाल के लोग क्या खाएं। भाजपा ने तर्क दिया कि बंगाल में स्वामी विवेकानंद से बड़ा कोई संत नहीं है और यहां अष्टमी-नवमी पर पारंपरिक मांसाहार का विशेष महत्व है।
सीएम ने क्या कहा
दूसरी ओर राज्य के मुख्यमंत्री ने भी मांसाहार पर किसी भी प्रकार के प्रतिबंध की संभावना को खारिज कर दिया है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि खान-पान नागरिकों का व्यक्तिगत अधिकार है और किसी को भी अपनी पसंद के खाने से रोका नहीं जाएगा। दुर्गा पूजा के ठीक पहले उपजे इस विवाद ने राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

