CM Suvendu Adhikari Surprise Visit: एक्शन में सीएम और स्वास्थ्य मंत्री, थानों से अस्पताल तक का किया औचक दौरा

CM Suvendu Adhikari Surprise Visit: सीएम शुभेंदु अधिकारी के वाटगंज व लालबाजार दौरे से पुलिस महकमे में हड़कंप। थानों में महिला हेल्प डेस्क और साइबर शिकायतों का किया मुआयना। जानिए स्वास्थ्य मंत्री के अस्पताल निरीक्षण की पूरी अपडेट।
विषयसूची
एक्शन मोड में सरकार, जाने क्या कुछ हुआ
CM Suvendu Adhikari Surprise Visit: पश्चिम बंगाल सरकार में अचानक बढ़ी प्रशासनिक सक्रियता के तहत मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी ने राजधानी कोलकाता के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का सरप्राइज विजिट किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वाटगंज और इकबालपुर समेत शहर के कई प्रमुख थानों का अचानक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, रात की गश्त और आम नागरिकों की शिकायतों के निपटारे की स्थिति का जायजा लिया। थानों का मुआयना करने के बाद सीएम सीधे कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस आयुक्त के साथ बंद कमरे में उच्च स्तरीय बैठक की। इसके तुरंत बाद वे फायर ब्रिगेड हेडक्वार्टर भी गए और वहां आपातकालीन तैयारियों और अग्निशमन तंत्र की समीक्षा की।
‘महिला सहायता डेस्क’ के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना
पुलिस थानों में महिलाओं के लिए अलग से हेल्प डेस्क खोले जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। उन्हें हेल्प डेस्क पर बैठकर पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों से बात करते हुए भी देखा गया। मुख्यमंत्री ने पूछा कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए महिलाएं कहां जाएं, हेल्प डेस्क कहां है, शिकायतें कैसे प्राप्त की जाती हैं, वहां का प्रभारी कौन है और किस प्रकार का कार्य किया जा रहा है।
कलकत्ता मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री का औचक दौरा
दूसरी ओर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी ने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन वार्ड, पैथोलॉजी लैब और मरीज विभागों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मुआयना किया। मंत्री ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों से बातचीत की और मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

