Kolkata Durga Puja: इस बार मॉल के गलियारों में गूंजेगी मां दुर्गा के आगमन की गड़गड़ाहट

Kolkata Durga Puja: कोलकाता की दुर्गा पूजा 2026 इस बार रचेगी इतिहास। शहर के साउथ सिटी मॉल में पहली बार पारंपरिक विधि-विधान, ढाक की थाप और 'यात्रा' थीम के साथ सजेगा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल।
विषयसूची
पहली बार दिखेगा ऐसा भव्य नजारा
Kolkata Durga Puja: कोलकाता में इस बार की दुर्गा पूजा इतिहास रचने जा रही है, क्योंकि शहर के मशहूर साउथ सिटी मॉल में पहली बार पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की भव्य पूजा का आयोजन किया जा रहा है। कुम्हारटोली में इन दिनों मूर्तिकार मां की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में रात-दिन एक कर रहे हैं।
शॉपिंग और ‘अड्डा’ के साथ मिलेगा भक्ति का अनूठा माहौल
अब तक मॉल परिसरों में केवल सांकेतिक सजावट या छोटी झांकियां देखने को मिलती थीं लेकिन इस बार यहां पारंपरिक पंडाल सज रहा है। मॉल के निदेशक दीप विश्वास के अनुसार, ‘कोला बाउ स्नान’ से लेकर ‘अष्टमी अंजलि’ तक के सभी वैदिक अनुष्ठान पुरोहितों की देखरेख में संपन्न होंगे। इस अनूठी पहल का मकसद लोगों को खरीदारी और दोस्तों के साथ ‘अड्डा’ मारने के साथ-साथ पारंपरिक पूजा के पवित्र माहौल का भरपूर आनंद देना है।
‘यात्रा’ थीम पर सजेगा अनोखा पंडाल
प्रसिद्ध कलाकार शुभंकर दत्त इस साल के पंडाल को बेहद खास थीम पर तैयार कर रहे हैं। पंडाल की थीम ‘यात्रा’ रखी गई है जिसके जरिए ग्रामीण इलाकों के पारंपरिक बाजार से लेकर आज के आधुनिक ‘शॉपिंग मॉल’ तक के सफर को कलात्मक रूप से दर्शाया जाएगा। इसके अलावा, लोक कथाओं से जुड़ी मां दुर्गा की अनसुनी और दिलचस्प कहानियों को भी पंडाल के जरिए लोगों के सामने लाया जाएगा। इस बार कोलकातावासियों को शॉपिंग और मॉर्डन लाइफस्टाइल के बीच पारंपरिक बंगाली संस्कृति और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

