कोलकाता में डेंगी रोकने के लिए नगर निगम और मेट्रो का विशेष अभियान, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

Kolkata KMC Metro Railway dengue special drive: कोलकाता में डेंगी रोकने के लिए नगर निगम और मेट्रो रेलवे ने संयुक्त विशेष अभियान शुरू किया है, जो 3 सितंबर तक चलेगा। मेट्रो स्टेशन, रेलवे परिसर, कारशेड और आवासीय क्षेत्रों की जांच की जाएगी। पानी जमा होने और गंदगी फैलाने पर कार्रवाई होगी। लोगों से घरों, गमलों और पानी की टंकियों की नियमित सफाई रखने की अपील की गई है।
विषयसूची
डेंगी रोकने के लिए मेट्रो और रेल क्षेत्रों में विशेष जांच
Kolkata KMC Metro Railway dengue special drive: कोलकाता शहर से डेंगी को पूरी तरह खत्म करने के लिए कोलकाता पुरसभा केएमसी (KMC) और मेट्रो रेलवे एक साथ मैदान में उतर आए हैं। एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन से वेक्टर कंट्रोल यानी डेंगी रोकथाम का यह विशेष संयुक्त अभियान शुरू किया गया।
आज से शुरू हुआ यह अभियान आगामी 3 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान केएमसी (KMC) और मेट्रो रेल की संयुक्त टीमें शहर के सभी मेट्रो स्टेशनों और स्टेशन परिसरों, दक्षिण-पूर्व रेलवे के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेन कारशेडों, तथा रेलवे आवासीय क्षेत्रों में जांच अभियान चलाएंगी।
इस जागरूकता एवं मच्छर उन्मूलन अभियान का नेतृत्व केएमसी (KMC) की प्रशासक व कमिश्नर स्मिता पांडे और मेट्रो की पीसीएमओ डॉ. रीना मुखर्जी संयुक्त रूप से कर रही हैं। जिन परित्यक्त जमीनों या परिसरों में झाड़-झंखाड़ के कारण पानी जमा होकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है, उन जमीन मालिकों को पुरसभा की धारा 496 के तहत नोटिस जारी करना शुरू कर दिया गया है।
प्रतिबंधित प्लास्टिक या कूड़ा इधर-उधर फेंकने पर निरीक्षण के बाद 200 से 400 रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क पर थूकने या गंदगी फैलाने पर सिर्फ जुर्माना ही नहीं, बल्कि दोषी से वह जगह साफ करवाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की भी सख्त चेतावनी दी गई है।
गंदगी और पानी जमा होने पर होगी कड़ी कार्रवाई
फुटपाथ व्यवसायियों को राहगीरों के आने-जाने के लिए कम से कम दो-तिहाई हिस्सा खाली रखने का निर्देश दिया गया है। अवैध पार्किंग और सड़क घेरकर गाड़ी खड़ी करने के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो रही है। नाइट पार्किंग शुल्क देकर निर्धारित स्थान पर ही गाड़ी खड़ी करने की अपील की गई है।
आने वाले दिनों में मेट्रो और रेलवे के बाद सिंचाई, लोक निर्माण पीडब्ल्यूडी (PWD) और अग्निशमन विभाग जैसे अन्य सरकारी विभागों के साथ मिलकर पूरे राज्य में इस तरह के स्वास्थ्य व पर्यावरण संबंधी अभियान चलाए जाएंगे।
पुर एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “यह लड़ाई सिर्फ सरकार की नहीं है, इसे जन आंदोलन बनाना होगा। आम लोग सचेत नहीं होंगे और मदद नहीं करेंगे तो डेंगी खत्म करना संभव नहीं है। घर या गमले में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, पानी की टंकी नियमित साफ रखनी होगी। आगामी 3 सितंबर तक यह ड्राइव लगातार चलेगी। इसके साथ ही शेक्सपियर सरणी या कैमक स्ट्रीट क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लटके हुए खतरनाक ढांचे या अवैध निर्माण को हटाया गया है। कानून सबके लिए बराबर है और आम लोगों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।”
अगले चरण में यह अभियान अन्य सरकारी विभागों के साथ मिलकर पूरे पश्चिम बंगाल में फैलाया जाएगा।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

