Kolkata Market Raid: सब्जियों के बढ़ते दामों पर सीएम सख्त, बाजारों में उतरी पुलिस और एनफोर्समेंट ब्रांच

Kolkata Market Raid: कोलकाता में सब्जियों और आलू-प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम कसने के लिए पुलिस और एनफोर्समेंट ब्रांच ने बाजारों में शुरू की छापेमारी। जानें पूरी खबर।
विषयसूची
सब्जी के दाम काबू करने राज्यभर के बाजारों में छापेमारी
Kolkata Market Raid: पश्चिम बंगाल में सब्जियों, आलू, प्याज और अन्य जरूरी खाद्य सामग्रियों की आसमान छूती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कड़े रुख और जमाखोरी रोकने के सख्त निर्देशों के बाद एनफोर्समेंट ब्रांच (EB) स्पेशल टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की टीमों ने कोलकाता समेत राज्यभर की प्रमुख मंडियों में अचानक छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
कोलकाता के प्रमुख बाजारों में ईबी की दबिश
मुख्यमंत्री के निर्देशों के तुरंत बाद एनफोर्समेंट ब्रांच और टास्क फोर्स के अधिकारियों की टीम महानगर कोलकाता के बड़े थोक और खुदरा बाजारों में जांच के लिए उतरी। अधिकारियों ने कोलकाता के प्रसिद्ध कोले मार्केट, फूलबागान वीआईपी मार्केट, मानिकतला और गरियाहाट जैसे प्रमुख बाजारों में विक्रेताओं से बात किया। टीम ने थोक भाव और खुदरा बिक्री की कीमतों का मिलान किया ताकि पता लगाया जा सके कि कौन से व्यापारी जानबूझकर दाम बढ़ाकर लोगों से ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी चेतावन
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी व्यापारियों को साफ चेतावनी दी है कि बिना वजह दाम बढ़ाने या गोदामों में आलू-प्याज और हरी सब्जियां अवैध तरीके से होर्डिंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टास्क फोर्स अधिकारी ने कहा हमारा मकसद आम लोगों को राहत देना है। थोक और खुदरा बाजार की कीमतों में हमें बड़ा अंतर मिला है। जहां भी गड़बड़ी मिल रही है वहां चालान काटे जा रहे हैं और सख्त चेतावनी दी जा रही है।
पूरे राज्य में जारी रहेगा अभियान
राज्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक यह अभियान सिर्फ कोलकाता तक ही सीमित नहीं रहेगा। हावड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हुगली और बर्दवान समेत उत्तर बंगाल के प्रमुख जिला मुख्यालयों और अनुमंडल बाजारों में भी स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से इसी तरह की सघन जांच जारी रहेगी ताकि आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ न पड़े।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

