Suvendu Adhikari: फुटपाथ पर रहने वाली महिला पहुंची मुख्यमंत्री के ‘जनता दरबार’ में

Suvendu Adhikari : मुख्यमंत्री ने बताया कि फुटपाथ लोगों के चलने के लिए है रहने के लिए नहीं। उन्होंने महिला को आश्वासन देते हुए कहा, सड़क पर मत रहिए कोलकाता नगर निगम से कहकर आपके रहने की स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी।
विषयसूची
आशियाना दिलाने का दिया आश्वासन
Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के पार्क स्ट्रीट के फुटपाथ पर बच्चे के लिए दूध गर्म करने की घटना को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच मंगलवार को एक नया मोड़ आया। इस पूरी घटना के केंद्र में रहीं सीता देवी नाम की महिला एक बच्चे को गोद में लेकर साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की।
महिला पहुंची मुख्यमंत्री के ‘जनता दरबार’
मंगलवार दोपहर साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में ‘जनता दरबार’ समाप्त होने के बाद बाहर निकलते समय वह महिला मुख्यमंत्री के आमने-सामने आईं। इस मुलाकात के संबंध में मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि फुटपाथ लोगों के चलने के लिए है रहने के लिए नहीं। उन्होंने महिला को आश्वासन देते हुए कहा, सड़क पर मत रहिए कोलकाता नगर निगम से कहकर आपके रहने की स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी।
राजनीतिक बयानबाजी और आरोप
इस घटना के बाद विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में पिछली सरकार या वाम-तृणमूल शासन के दौरान इन असहाय लोगों की कोई सुध नहीं ली गई। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से उस महिला को पैसे देकर भाजपा के खिलाफ बोलने की कोशिश की जा रही है। हालांकि महिला ने वर्तमान सरकार पर ही भरोसा जताया है।
नगरीय विकास मंत्री की सफाई और पिछला विवाद
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पार्क स्ट्रीट के व्यस्त फुटपाथ पर स्टोव जलाकर दूध गर्म करने का दृश्य देखकर राज्य की नगरीय विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कड़ी आपत्ति जताई थी जिसे लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। इस संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उस परिवार की जिम्मेदारी लेने और उनके रहने व पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था करने की इच्छा जताई थी। बाद में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपने आचरण पर सफाई देते हुए कहा था कि व्यस्त सड़क पर इस तरह आग जलाना सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है लेकिन उनकी बात को थोड़ा नरमी से कहा जाना चाहिए था। कुल मिलाकर इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

