ममता की सभा में शामिल होने जा रहे विधायक कुणाल घोष पर जानलेवा हमला, कार के शीशे टूटे

ममता बनर्जी की श्रीरामपुर सभा में जाते समय उत्तरपाड़ा में कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ। शीशे टूटे, कांच से चोट लगने का दावा, बीजेपी पर लगाए आरोप।
विषयसूची
हमले को लेकर कुणाल घोष ने बीजेपी पर लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल में शनिवार को ममता बनर्जी की श्रीरामपुर सभा से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। सभा में शामिल होने जा रहे तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष की गाड़ी पर उत्तरपाड़ा में हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना में उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। कुणाल घोष ने दावा किया कि टूटे शीशे का कांच उनके शरीर में लगा और उन्हें चोट भी आई।
उत्तरपाड़ा में गाड़ी रोककर प्रदर्शन का आरोप
कुणाल घोष के अनुसार वह शनिवार दोपहर श्रीरामपुर में होने वाली ममता बनर्जी की सभा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उत्तरपाड़ा इलाके में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि लोगों ने गाड़ी पर अंडे फेंके और पत्थर व अन्य चीजों से हमला किया। इस दौरान गाड़ी का शीशा टूट गया। सामने आए वीडियो में कुछ लोगों को गाड़ी के आसपास प्रदर्शन करते हुए भी देखा गया है।कुणाल घोष ने घटना के बाद कहा कि उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि रास्ते में गाड़ियों को रोककर यह देखा जा रहा था कि उसमें कौन नेता जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह शिकायत करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के पास जाएंगे।
कुणाल घोष का बयान और पुलिस की भूमिका पर सवाल
घटना के बाद कुणाल घोष ने अपना कड़ा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया गया था और लोग लाठी-डंडों के साथ खड़े थे। कुणाल घोष ने कहा, “मेरा पूरा शरीर कांच से भरा हुआ है।” उनके मुताबिक गाड़ी के कांच को तोड़कर अंदर आए पत्थरों से उनके दाहिने कंधे पर चोट लगी है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। टूटी हुई गाड़ी के साथ ही वह सीधे लालबाजार के लिए रवाना हो गए।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

