मालदा में लॉरी पर सामान बांधते वक्त टूटी रस्सी, मजदूर की दर्दनाक मौत

मालदा के हरीशचंद्रपुर में लॉरी पर सामान बांधते समय रस्सी टूटने से 55 वर्षीय मजदूर बीरेन दास की मौत। जानिए पूरी घटना और परिवार की मुआवजे की मांग।
विषयसूची
मालदा में हादसा
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गोडाउन के सामने लॉरी पर सामान लादने के बाद उसे रस्सी से बांध रहे एक मजदूर की रस्सी टूटने से नीचे गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बीरेन दास के रूप में हुई है जो हल्दीबाड़ी गांव के रहने वाले थे। स्थानीय और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय हरीशचंद्रपुर के एक कारोबारी के गोडाउन के सामने एक मालवाहक लॉरी में सामान लोड किया जा रहा था। लोडिंग का काम पूरा होने के बाद बीरेन दास और उनके एक अन्य साथी मिलकर उस सामान को रस्सी से कसकर बांध रहे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई जिससे संतुलन बिगड़ने पर बीरेन बाबू सीधे लॉरी के ऊपर से नीचे जमीन पर आ गिरे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में बीरेन दास को तुरंत हरीशचंद्रपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई प्रफुल दास ने बताया कि घर में एक बेटा और दो बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है और बीरेन बाबू दिनमजदूरी करके ही किसी तरह अपने परिवार का गुजारा चलाते थे। इस अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए और साथ ही संबंधित व्यापारी द्वारा भी मुआवजे की व्यवस्था की जाए।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

