मुर्शिदाबाद में 60 हजार के जाली नोट के साथ युवक गिरफ्तार, 500 रुपये के 120 नकली नोट बरामद

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में सुती थाना पुलिस ने 60 हजार रुपये के जाली नोट के साथ 38 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। 500 रुपये के 120 नकली नोट बरामद हुए हैं।
विषयसूची
जाली नोट कहां से आए, नेटवर्क की जांच शुरू
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जाली नोटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुती थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 60 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सभी नोट 500 रुपये के हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान जहीरुल शेख (38) के रूप में हुई है। वह छोटा कांकरमारी इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस को गुरुवार रात चांदेर मोड़ इलाके में जहीरुल के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने चांदेर मोड़ से मदना जाने वाले रास्ते में उसे रोककर तलाशी ली।
500 रुपये के 120 नकली नोट बरामद
तलाशी के दौरान जहीरुल के पास से 500 रुपये के 120 जाली नोट मिले। इन सभी नोटों की कुल कीमत 60 हजार रुपये बतायी गयी है। पुलिस ने नकली नोटों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोट आरोपी तक कैसे पहुंचे और इन्हें आगे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
जाली नोट के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जाली नोटों के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की तैयारी में है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जहीरुल पहले भी इस तरह की किसी गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया और 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत के आदेश के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद जाली नोट कहां तैयार किए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। जाली नोट बरामद होने की खबर के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गयी है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर मामले से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोटों के स्रोत के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

