कोलकाता पहुंची ब्राजील की टीम, युवभारती में आज आखिरी तैयारी कल भारत से मुकाबला

भारत-ब्राजील फुटबॉल मुकाबले से पहले पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील टीम कोलकाता पहुंच गई है। युवभारती में शुक्रवार को आखिरी अभ्यास होगा।
विषयसूची
भारत-ब्राजील मैच को लेकर कोलकाता में बढ़ा उत्साह
भारत और ब्राजील के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित फुटबॉल मुकाबले को लेकर कोलकाता में उत्साह चरम पर है। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम गुरुवार रात कड़ी सुरक्षा के बीच कोलकाता पहुंची। विनीसियस जूनियर, एंड्रिक, मारक्विन्होस और अन्य खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा गया। शनिवार को साल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत और ब्राजील के बीच अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। यह पहली बार है जब दोनों देशों की सीनियर पुरुष फुटबॉल टीमें आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
युवभारती में आज अभ्यास करेगी ब्राजील की टीम
मैच से एक दिन पहले शुक्रवार को ब्राजील की टीम युवभारती क्रीड़ांगन में अभ्यास करेगी। रिपोर्टों के अनुसार टीम का ट्रेनिंग सेशन शाम 4 बजे से निर्धारित है। कोच कार्लो एंसेलोटी की निगरानी में खिलाड़ी मैच से पहले मैदान की परिस्थितियों और अपनी रणनीति पर काम करेंगे। भारतीय टीम भी मुकाबले से पहले अंतिम अभ्यास में जुटी है।
मैच को लेकर तैयार किया गया युवभारती
ब्राजील के मुकाबले को देखते हुए युवभारती क्रीड़ांगन में मैदान और दूसरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। ब्राजील फुटबॉल महासंघ की टीम ने भी पहले स्टेडियम की तैयारियों, पिच और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। बाद में पिच को लेकर उसकी स्थिति पर संतुष्टि की जानकारी सामने आई थी।एक ओर ब्राजील की टीम अपने खेल और रणनीति को अंतिम रूप दे रही है वहीं भारतीय टीम भी विश्व की शीर्ष टीमों में शामिल ब्राजील के खिलाफ मुकाबले के लिए तैयार है। अब कोलकाता के फुटबॉल प्रेमियों की नजर शनिवार के इस मुकाबले पर टिकी है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल
एडिट: शिंकी सिंह

