Murshidabad News: जंगीपुर नगर पालिका में अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन, पुलिस ने संभाली स्थिति

Murshidabad Jangipur Annapurna Yojana Women Protest: जंगीपुर नगर पालिका में अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि कई बार आवेदन देने के बाद भी उन्हें पैसा नहीं मिला। प्रदर्शन बढ़ने पर नगर पालिका कर्मचारियों को परिसर छोड़ना पड़ा। सूचना मिलने पर रघुनाथगंज थाने की पुलिस पहुंची और स्थिति संभालने की कोशिश की। महिलाएं जल्द समाधान चाहती हैं।
विषयसूची
अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का प्रदर्शन
Murshidabad Jangipur Annapurna Yojana Women Protest: मुर्शिदाबाद के जंगीपुर पालिका परिसर में बृहस्पतिवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने से नाराज महिलाओं ने बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विरोध प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि पालिका कर्मचारियों को पालिका परिसर छोड़कर जंगीपुर अनुमंडल शासक एसडीओ (SDO) के कार्यालय की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि बार-बार आवेदन जमा करने के बावजूद उन्हें अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिल रही है। पालिका कार्यालय आने पर भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। इसी के विरोध में महिलाओं ने एक-एक कर पालिका कर्मचारियों को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। उनकी मांग थी कि सरकारी योजना की राशि क्यों नहीं दी जा रही, इसका स्पष्ट जवाब पालिका प्रशासन को देना होगा।




जंगीपुर नगर पालिका में बढ़ा विरोध, मौके पर पहुंची पुलिस
स्थिति लगातार तनावपूर्ण होने पर पालिका कर्मचारी अंततः परिसर छोड़कर एसडीओ (SDO) कार्यालय की ओर रवाना हो गए। इस घटना को लेकर पालिका परिसर में भारी उत्तेजना फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथगंज थाने की बड़ी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास करने लगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अन्नपूर्णा योजना की राशि को लेकर महिलाओं ने कथित तौर पर पालिका कर्मचारियों पर अंडे फेंके थे। नए महीने में भी राशि न आने से वंचित महिलाएं फिर विरोध में उतर आईं। पालिका कर्मचारियों ने बार-बार हो रही इस तरह की परेशानी पर नाराजगी जताई है।
प्रदर्शनकारियों ने जल्द समस्या के समाधान और असली लाभार्थियों तक राशि पहुंचाने की मांग की है। मामले को लेकर प्रशासन का आगे क्या रुख रहता है, इस पर सबकी नजर टिकी है।




रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

