West Bengal News: खाते में आए 100 करोड़, फिर भी बंद हो गया चूल्हा

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के कुलतली में गैस सब्सिडी चेक करने गई महिला के खाते में दिखे 100 करोड़ रुपये। बैंक अकाउंट फ्रीज होने से दिहाड़ी मजदूर परिवार के सामने खड़ा हुआ चूल्हा जलने का संकट।
विषयसूची
200 रुपये की सब्सिडी और 100 करोड़ का बैलेंस
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के कुलतली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुंदखाली गांव के कीर्तनखोला इलाके में रहने वाली कश्मीरा शेख के बैंक खाते में अचानक 100 करोड़ रुपये जमा हो गए जिसके बाद उनका खाता ही ब्लॉक हो गया।
पासबुक देख उड़े होश
मामला कुलतली के कुंदखाली गांव का है। यहां रहने वाले एक दिहाड़ी मजदूर की पत्नी कश्मीरा शेख बीते शनिवार को अपनी पासबुक अपडेट कराने स्थानीय बैंक शाखा गई थीं। वे सिर्फ यह देखना चाहती थीं कि उनके खाते में रसोई गैस की सब्सिडी का पैसा आया है या नहीं।लेकिन जैसे ही प्रिंटर से पासबुक बाहर आई, कश्मीरा के होश उड़ गए। उनके खाते में पूरे 100 करोड़ रुपये की रकम दर्ज हो चुकी थी।
बैंक अधिकारियों से किया संपर्क
अचानक इतना बड़ा आंकड़ा देखकर कश्मीरा घबरा गईं। उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। कश्मीरा का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने उनकी बात को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया और बिना कोई जांच या ठोस जवाब दिए उन्हें घर वापस भेज दिया।
खाता फ्रीज अब दाने-दाने को तरस रहा परिवार
इस गफलत के सामने आते ही बैंक ने एहतियात के तौर पर कश्मीरा के खाते से लेन-देन पूरी तरह बंद कर दिया है। अब सबसे बड़ा संकट यह खड़ा हो गया है कि कश्मीरा के पति रोज कुआं खोदकर पानी पीने वाले दिहाड़ी मजदूर हैं। खाता बंद होने के कारण परिवार अपनी खुद की मेहनत की जमा पूंजी भी नहीं निकाल पा रहा है। नतीजे के तौर पर घर में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है और पूरा परिवार किसी अनहोनी व कानूनी पचड़े के डर से सदमे में है।
तकनीकी गड़बड़ी या कुछ और
बैंकिंग जानकारों का मानना है कि यह मामला बैंक के सर्वर में तकनीकी खराबी या किसी गलत डेटा एंट्री का नतीजा हो सकता है। हालांकि बैंक प्रशासन की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कश्मीरा और उनका परिवार फिलहाल इस इंतज़ार में है कि कब उनका खाता चालू होगा और उनके घर की स्थिति सामान्य हो पाएगी।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

