West Bengal News: संदेशखाली के स्कूल में अचानक बीमार पड़े 32 छात्र, फैली सनसनी

West Bengal News: संदेशखाली स्कूल में एक के बाद एक बेहोश हुए 32 छात्र।अधिकारी बोले भूत-प्रेत नहीं कुछ और है वजह।
विषयसूची
डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने बताया असली कारण
West Bengal News: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ स्थित फूलमोनी आदर्श विद्यामंदिर स्कूल में क्लास चलने के दौरान अचानक एक-एक करके 32 छात्र-छात्राएं बीमार पड़ गए। बच्चों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी उनके हाथ-पैर ऐंठने लगे और शरीर में जकड़न होने लगी। घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई और सभी बीमार बच्चों को पास के मीनाखान स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस घटना के बाद से ही बच्चों और उनके माता-पिता में भारी खौफ का माहौल है।
भूत-प्रेत का साया या कुछ और
यह घटना नौवीं कक्षा के बच्चों के साथ हुई। खबर फैलते ही इलाके में यह अफवाह उड़ने लगी कि स्कूल में किसी भूत-प्रेत या अदृश्य शक्ति का साया है। अफवाह फैलने की बड़ी वजह यह थी कि जिस क्लासरूम में बच्चे बीमार पड़े वहीं दो-तीन साल पहले एक छात्र ने खुदकुशी कर ली थी। हाल ही में किसी ने उस पुरानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था जिसे देखकर बच्चे पहले से ही काफी डरे हुए थे।
जांच में सामने आई असली वजह
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी और पश्चिम बंगाल विज्ञान मंच की टीम मौके पर पहुंची। विज्ञान मंच के सदस्य प्रदीप्ता सरकार और डॉक्टरों ने साफ किया कि यह कोई भूत-प्रेत का मामला नहीं है। डॉक्टरों के मुताबिक यह ‘मास हिस्टीरिया’ (मानसिक डर) का मामला है। इसके अलावा विशेषज्ञों का कहना है कि बंद कमरे में किसी खराब गंध या पास में पक रहे खाने मिड-डे मील के धुएं से भी बच्चों को शुरुआती घबराहट हुई होगी।
प्रशासन ने क्या कदम उठाए
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इलाज के बाद 30 बच्चों की हालत में सुधार आ गया और उन्हें घर भेज दिया गया है। फिलहाल 2 बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे सुरक्षित हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उस क्लासरूम को कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया है। बच्चों के मन से भूत-प्रेत और मौत का डर निकालने के लिए स्कूल में काउंसलर्स और मनोचिकित्सक भेजे जा रहे हैं जो बच्चों से बात करके उनका डर दूर करेंगे।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

